Satya Report: Nutrition Myths: अगर आप भी अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए डाइट में बदलाव कर रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि कौनसी बातें सच हैं और कौन सी सिर्फ भ्रम. दरअसल, आजकल हेल्दी रहने की चाह में लोग अपनी डाइट को लेकर काफी अलर्ट हो गए हैं. लेकिन इसी के साथ न्यूट्रिशन से जुड़े कई मिथक भी तेजी से फैल रहे हैं. सोशल मीडिया, अधूरी जानकारी और सुनीसुनाई बातों के कारण लोग अक्सर ऐसी चीजों पर भरोसा कर लेते हैं, जो पूरी तरह सच नहीं होतीं. कभी कहा जाता है कि कम खाना ही वजन घटाने का सबसे अच्छा तरीका है, तो कभी कुछ फूड्स को बिना वजह पूरी तरह से डाइट से हटा दिया जाता है. इन सबके बीच सही और गलत में फर्क करना मुश्किल हो जाता है.

एक्सपर्ट्स के अनुसार, हर व्यक्ति की बॉडी और उसकी जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए किसी भी डाइट ट्रेंड को आंख बंद करके फॉलो करना सही नहीं है. कई बार जो बातें हेल्दी लगती हैं, वे वास्तव में शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकती हैं. ऐसे में चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं हेल्दी खाने से जुड़े 5 मिथक और उनकी सच्चाई के बारे में.
मिथक: अंडे हार्ट के लिए खराब होते हैं
फैक्ट: कुछ लोग मानते हैं कि अंडे खाना हार्ट हेल्थ के लिए अच्छा नहीं होता है. ये ब्लड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने का काम करता है. लेकिन हेल्थलाइन के मुताबिक, ऐसा नहीं है. आम तौर पर लोगों में अंडे खाने से ब्लड कोलेस्ट्रॉल पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ता. हेल्दी व्यक्तियों के लिए अंडे दिल की बीमारी से सीधे जुड़े नहीं माने जाते. बल्कि अंडे प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं, इसलिए बैलेंस मात्रा में इनका सेवन फायदेमंद हो सकता है.
मिथक: वजन ही आपकी हेल्थ तय करता है
फैक्ट: कुछ लोग पतले होते या बहुत ज्यादा मोटे…जिन्हें देखकर लोग उनकी सेहत का अंदाजा लगाता हैं. लेकिन रिसर्च बताती है कि सिर्फ वजन देखकर किसी की सेहत का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. कई लोग ज्यादा वजन के बावजूद मेटाबॉलिकली फिट होते हैं, जबकि कुछ लोग सामान्य वजन में भी अंदरूनी समस्याओं से जूझ रहे होते हैं. असली हेल्थ में लाइफस्टाइल, खानपान, फिटनेस और मेडिकल कंडीशन सब शामिल होते हैं.
मिथक: फैट या कार्ब्स ही वजन बढ़ाते हैं
फैक्ट: न तो सिर्फ फैट और न ही सिर्फ कार्ब्स वजन बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होते हैं. असल में कुल कैलोरी इनटेक और लाइफस्टाइल ज्यादा मायने रखते हैं. सही मात्रा और संतुलन में फैट और कार्ब्स दोनों शरीर के लिए जरूरी होते हैं.
मिथक: नॉनवेज फूड आंत में सड़ता है
फैक्ट: हमारा पाचन तंत्र इस तरह बना है कि वह मांस को सही तरीके से पचा सके. प्रोटीन पहले पेट में टूटता है और फिर छोटी आंत में उसका पाचन और अवशोषण होता है. इसलिए यह कहना कि मांस आंत में सड़ता है, साइंटिफिक रूप से गलत माना गया है.
मिथक: लोफैट फूड हमेशा ज्यादा हेल्दी होते हैं
फैक्ट: आमतौर पर लोगों को लगता है कि लोफैट फूड खाना ज्यादा हेल्दी है. लेकिन ऐसा नहीं है. लोफैट होने का मतलब यह नहीं कि वह फूड हेल्दी ही होगा. कई प्रोसेस्ड लोफैट प्रोडक्ट्स में स्वाद बढ़ाने के लिए एक्स्ट्रा शुगर और अन्य चीजें मिलाई जाती हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं. इसलिए फूड का पूरा न्यूट्रिशन प्रोफाइल देखना जरूरी है.



