Satya Report: मौसम विभाग ने जैसी भविष्यवाणी की थी, वैसा ही हुआ. आधी रात के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और हवाएं चलने लगीं. तड़के 4 बजे तक दिल्लीएनसीआर, यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों में बादल आ गए. चाय वाला टाइम आया, तो सुबह 6 बजे धूल भरी आंधी चलने लगी और कुछ ही देर में बूंदी पड़ने लगी. नोएडा समेत आसपास के तप रहे शहरों में अच्छी बारिश हुई है. हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली. अब तक कई राज्य हीटवेव की मार झेल रहे थे. ऐसे में यह समझना महत्वपूर्ण है कि गर्मी से यह राहत कब तक मिलने वाली है?

पहले यह जान लीजिए यह बारिश राजस्थान के कुछ इलाकों से लेकर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और बंगाल तक हो रही है. तेज हवाओं और गरजचमक के साथ मौसम थोड़ा ठंडा हो गया है. महाराष्ट्र में सिर्फ विदर्भ में बारिश हो रही है.
यूपी का बांदा सबसे गरम
हां, पूर्वी यूपी का बांदा शहर सबसे ज्यादा गर्म रहा है. यहां का तापमान 47.6 डिग्री पहुंच गया. पिछले 24 घंटों में राजस्थान से लेकर पूर्वी यूपी, झारखंड, ओडिशा, एमपी में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा रहा है. मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मूकश्मीर में आज और 2 से 4 मई के बीच, हिमाचल प्रदेश में 1 से 4 मई को, उत्तराखंड में 4 मई तक गरज के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश / बर्फबारी होने की संभावना है.
कहीं बारिश, कहीं गिरेंगे ओले
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 2930 अप्रैल और 2 से 4 मई के दौरान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2930 अप्रैल को, पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज से लेकर 1 मई तक, पश्चिमी राजस्थान में आज और 2 से 4 मई के दौरान, पूर्वी राजस्थान में 4 मई तक गरज के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
मौसम पूरे देश का बदला है
एनसीआर की तरह राजस्थान में भी आज धूल भरी आंधी चलने की प्रबल संभावना है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज कहींकहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है. इसी तरह, पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों के दौरान गरज के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ काफी बड़े इलाके में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. आज से 4 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. इस तरह से देखिए तो देश के बड़े भूभाग में बारिश और हवाएं चल रही हैं.
बंगाल – बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ अगले 7 दिनों तक रुकरुक कर पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है. आज बिहार में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
एमपी और छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल
40 किमी प्रति घंटे की स्पीड के साथ एमपी और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन गर्मी से राहत देंगे. मध्यम बारिश के आसार हैं. विदर्भ क्षेत्र में भी 1 मई तक बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 मई तक इसी तरह कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी, उसके बाद तापमान फिर से बढ़ने लगेगा. आगे जून के मध्य तक गर्मी झेलनी पड़ेगी.


