
Ajab Gajab 11 साल के इस बच्चे ने समुद्र किनारे खेलते हुए पत्थर का अजीब टुकड़ा देखा. बच्चे ने तुरंत उस अजीब पत्थर को अपने पास रख लिया. मगर जब वैज्ञानिकों ने उस पत्थर की जांच की तब वो 18 लाख साल पुराना खजाना निकला.
छोटी उम्र में ही बच्चे कभी-कभी ऐसा कारनामा कर देते हैं जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान रह जाता है. ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला इंग्लैंड से सामने आया है. यहां 11 साल एक के बच्चे ने खेल-खेल में ऐसी खोज कर डाली, जिसने वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है. न्यूयॉर्क पोस्ट में छपी एक खबर के मुताबिक 11 साल के इस बच्चे ने समुद्र किनारे खेलते हुए पत्थर का अजीब टुकड़ा देखा. बच्चे ने तुरंत उस अजीब पत्थर को अपने पास रख लिया. मगर जब वैज्ञानिकों ने उस पत्थर की जांच की तब वो 18 लाख साल पुराना खजाना निकला.
मानसून की दमदार वापसी, सैटेलाइट में दिखी 1500KM लंबी बारिश की पट्टी; इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
समुद्र किनारे टहल रहा था बच्चा
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 24 मई की है. इंग्लैंड के सफोक इलाके के बोड्सी बीच पर 11 साल का चार्ली ऑर्चर्ड-लिसल अपनी मां एलेनोर के साथ टहल रहा था. तभी उसकी नजर लहरों के पास पड़े एक अजीब से पत्थर पर गई. बच्चे ने उसे पत्थर समझकर उठा लिया. मगर तभी परिवार को समझ आ गया कि ये कोई साधारण पत्थर नहीं है. बाद में वैज्ञानिक जांच के बाद पता चला कि वो साधारण पत्थर करीब 18 लाख साल पुराना हाथी का दांत निकला. मामले में चार्ली की मां ने बताया कि बीच पर पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही उनका बेटा हाथियों के बारे में बात कर रहा था और कह रहा था कि उसे हाथी बहुत पसंद हैं. ऐसे में हाथी से जुड़ी इतनी बड़ी चीज मिलना उनके लिए किसी संयोग से कम नहीं था.
बच्चे ने खोजा 18 लाख साल पुराना खजाना
परिवार ने उस चीज की तस्वीरें एक्सपर्ट्स को भेजीं. जांच के बाद लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के जीवाश्म वैज्ञानिक प्रोफेसर एड्रियन लिस्टर ने पुष्टि की कि यह अनानकस अर्वरनेन्सिस नाम की विलुप्त हो चुकी हाथी की प्रजाति का ऊपरी जबड़े का दाढ़ वाला दांत है. वैज्ञानिकों के मुताबिक यह प्रजाति करीब 85 लाख साल पहले से लेकर 20 लाख साल पहले तक धरती पर रहती थी. यह आज के अफ्रीकी हाथियों की रिश्तेदार मानी जाती है और इसकी ऊंचाई करीब 8 फीट से ज्यादा होती थी.
समुद्र की लहरों से बाहर निकला हाथी दांत
करीब 4 इंच चौड़ा यह दांत लाखों साल तक जमीन के अंदर दबा रहा. समय के साथ यह पूरी तरह खनिज में बदल गया, इसलिए आज भी इसकी बनावट काफी अच्छी हालत में है. लाखों साल पुराना हाथी दांत मिलने पर एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये जीवाश्म बोड्सी के रेड क्रैग इलाके की चट्टानों में दबा हुआ था. समुद्र की लहरों और तटीय कटाव की वजह से यह बाहर निकल आया और किनारे तक पहुंच गया, जहां चार्ली की नजर इस पर पड़ी.



