
Image AI
Ayodhya Ram Mandir Daan Chori Case: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की रकम का मामला बढ़ता जा रहा है. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) जांच पड़ताल कर रही है. टीम ने लवकुश मिश्रा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. वह दानपेटी के पैसों को गिनने का काम करता था. आरोप है कि उसके घर से लाखों रुपये मिले हैं. जब न्यूज 18 की टीम ने लवकुश की बहन से बात की तो उन्होंने क्या कुछ कहा, पढ़िए.
Ayodhya Ram Mandir Donation Row: मेरी मेरे भाई से कोई बातचीत नहीं हुई है. हमें नहीं पता लवकुश कहां है. हम अपने ससुराल से दादी की सेवा करने के लिए आए हैं. जो सोशल मीडिया और मीडिया वाले बोल रहे हैं कि पैसे मिले हैं… तो पहले वीडियो लाकर दिखाओ. कुछ भी बोल रहे हैं. फालतू में बदनाम किया जा रहा है.
हमारे घर का माहौल देखो पहले… कहां हैं पैसा… अगर पैसा होता तो क्या हम लोग चूल्हे पर खाना बनाते? हम गैस जलाते उस पर खाना बनाते. अगर पैसा होता तो हम पूरी मंजिल खड़ी करवा देते, गैस ले लेते… शौचालय बनवा लेते… फालतू में बदनाम किए जा रहे हैं. पैसा आया ही नहीं. यहां कुछ नहीं आया. मेरा भाई राम मंदिर में काम ही नहीं करता है. कोई ऐसी बात ही नहीं है. मेरा भाई निर्दोष है.
अगर मेरी बात कर रहे तो मैं दो साल बाद ससुराल से मायके आई हूं. दादी की तबियत खराब है. पापा पागल हैं. लवकुश के पास से नोट मिले, वो राम मंदिर में काम करता या कुछ भी… मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. मेरी मेरे भाई से बात ही नहीं होती थी.
ये दुख और गुस्सा उस बहन का है, जिसके भाई लवकुश पर राम मंदिर के पैसों को चुराने का आरोप लगा है. गौरतलब है, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की रकम और जेवरों के गबन का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित कर दी. इधर, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मंदिर कर्मचारी लव कुश मिश्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. लवकुश दानपेटी के पैसों को गिनने का काम करता था. बताया जा रहा है कि उसके घर से 10-12 लाख रुपये बरामद किया गया है.



