
जगतपुर, रायबरेली: कस्बे में संचालित पैथोलॉजी केंद्रों पर मंगलवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई की भनक लगते ही कई केंद्रों के संचालक शटर बंद कर मौके से निकल गए। इससे कार्रवाई के दौरान कई केंद्रों की जांच नहीं हो सकी।
नायब तहसीलदार अभय प्रताप सिंह, सीएचसी अधीक्षक एलपी सोनकर और थाना प्रभारी वागीश मिश्र की संयुक्त टीम ने कस्बे में संचालित पैथोलॉजी केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए छापेमारी की।
पांच पैथोलॉजी केंद्रों पर पहुंची टीम
संयुक्त टीम ने रामा पैथोलॉजी, एसआर डायग्नोस्टिक एवं एक्सरे सेंटर, मेडिसिटी पैथोलॉजी, उर्मिला पैथोलॉजी और आदर्श पैथोलॉजी पर कार्रवाई के लिए पहुंची।
हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही संबंधित केंद्रों के संचालकों ने शटर बंद कर दिए और मौके से गायब हो गए। ऐसे में टीम को कई केंद्र बंद मिले।
स्थानीय शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
बताया गया कि स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद सीएमओ ने संबंधित पैथोलॉजी केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक ने 10 अगस्त को संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए थे।
नोटिस के जरिए संचालकों से आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने और अपना जवाब देने को कहा गया था। आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद किसी भी संबंधित संचालक ने न तो जरूरी कागजात प्रस्तुत किए और न ही नोटिस का जवाब दिया।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर अब मुकदमे की तैयारी
सीएचसी अधीक्षक एलपी सोनकर ने बताया कि संबंधित पैथोलॉजी संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन अभी तक किसी की ओर से जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित पाए जाने वाले पैथोलॉजी केंद्रों के संचालकों के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य पैथोलॉजी केंद्रों में भी हड़कंप की स्थिति है।
ः



