पटना के बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा की उसके प्रेमी अथर्व श्रीवास्तव ने गला दबाकर हत्या कर डाली. आरोपी शादी का दबाव बनाने से नाराज था और लैपटॉप देने के बहाने छात्रा के कमरे पर पहुंचा था. CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
Satya Report: 
मृतक छात्रा की पहचान अनुपमा के रूप में हुई है, जो औरंगाबाद जिले की रहने वाली थी और बिहटा में रहकर बीटेक डिप्लोमा की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. आरोपी अथर्व श्रीवास्तव, मूल रूप से बक्सर का रहने वाला है. रविवार की रात वो अनुपमा को लैपटॉप देने के बहाने उसके राघोपुर स्थित किराए के मकान में पहुंचा था.
शादी का दबाव बना हत्या का कारण .
सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अनुपमा और अथर्व के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. अनुपमा लगातार अथर्व पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था. रविवार की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर अथर्व ने गला दबाकर अनुपमा की हत्या कर डाली.
CCTV और तकनीकी जांच से पकड़ा गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने SIT का गठन किया और FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल्स (CDR) की जांच की, तो अथर्व पर शक गहरा गया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होगी, हालांकि फिलहाल दुष्कर्म जैसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है.
गमगीन हुआ परिवार
अनुपमा अपने परिवार की उम्मीद थी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली थी. इस घटना के बाद उसके पैतृक गांव औरंगाबाद में मातम पसरा है. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.



