Satya Report: पेटीएम पेमेंट बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से बड़ा झटका लगा है. RBI ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है. RBI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अब पेटीएम पेमेंट बैंक बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत किसी भी तरह का बैंकिंग काम नहीं कर सकेगा. इसका मतलब है कि बैंक अब नए या पुराने ग्राहकों के लिए सामान्य बैंकिंग सेवाएं नहीं दे पाएगा.

केंद्रीय बैंक के अनुसार, पेटीएम पेमेंट बैंक का कामकाज और मैनेजमेंट आम जनता के हित में नहीं था. साथ ही बैंक ने अपने पेमेंट्स बैंक लाइसेंस से जुड़ी कई शर्तों का सही तरीके से पालन नहीं किया. RBI पहले भी इस बैंक पर सख्त कार्रवाई कर चुका था. 11 मार्च 2022 से बैंक को नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया गया था. इसके बाद बैंक पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गईं, जैसे खातों में पैसे जमा करना, क्रेडिट करना और वॉलेट में टॉपअप करने पर भी रोक लगाई गई थी. अब लाइसेंस रद्द होने के बाद पेटीएम पेमेंट बैंक का भविष्य पूरी तरह से अनिश्चित हो गया है और ग्राहकों पर भी इसका असर पड़ सकता है.



