IndiaUttar Pradesh

​PM Modi Birthday : PM मोदी को CM योगी ने बताया नए भारत का शिल्पी, कहा- जो देश शिल्पकारों को सम्मान देता है, वही आगे बढ़ता है

​PM Modi Birthday : PM मोदी को CM योगी ने बताया नए भारत का शिल्पी, कहा- जो देश शिल्पकारों को सम्मान देता है, वही आगे बढ़ता है

गोरखपुर, अमृत विचार। भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के शिल्पकारों, कारीगरों और समस्त नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी भावना के साथ पीएम विश्वकर्मा योजना का प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया है। इसके माध्यम से पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

शिल्पकारों की कला बनी स्वावलंबन का आधार

मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की विधिविधान से पूजाअर्चना करने के बाद सीएम योगी ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार समेत कारीगरी से जुड़े तमाम लोगों के लिए उनकी शिल्पकला ही स्वावलंबन का आधार रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक यह हुनर और शिल्पकारीगरी उपेक्षा का शिकार रही।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने शिल्पकारों और कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने का काम किया है।

यूपी में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी से जुड़े

सीएम योगी ने कहा कि सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में आज तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ने से कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

विश्वकर्मा जयंती के साथ पीएम मोदी का जन्मदिन भी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि एक ओर सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि अपने विशिष्ट शिल्प और हुनर से जुड़े कारीगर आज भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उन्हें लंबे समय तक मार्गदर्शन मिलता रहे और विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो।

‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया। इससे पहले उन्होंने श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की विधिविधान से पूजाअर्चना की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply