ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, घटना के आरोपी बलराज उर्फ बल्ला को मुठभेड़ में गोली लगी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी मूल रूप से तिलपता गांव का रहने वाला था और वर्तमान में हल्द्वानी इलाके में रह रहा था।

क्या है पूरा मामला?
28 अगस्त को ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की हत्या की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस को CCTV फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाते और बाद में बोरे में शव ले जाते हुए दिखाई दिया था। मामले में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप भी सामने आया था।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू को ईकोटेक3 क्षेत्र में डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाने की बात बताई।
चाकू बरामद कराने के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस टीम आरोपी को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, बलराज ने झाड़ियों से चाकू बरामद कराया। इसी दौरान उसने मौका पाकर झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में बलराज को गोली लगी। वहीं, फायरिंग में ईकोटेक3 थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार भी घायल हो गए।
अस्पताल में आरोपी की मौत
मुठभेड़ में घायल आरोपी बलराज और हेड कांस्टेबल रवि कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया। घायल हेड कांस्टेबल का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



