CrimeHaryanaIndiaTrending

25​​​ लाख की धोखाधड़ी के आरोपी के घर​​​​​​ ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची पुलिस, पड़ोसियों के सामने पढ़कर सुनाया अदालत का नोटिस

25​​​ लाख की धोखाधड़ी के आरोपी के घर​​​​​​ ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची पुलिस, पड़ोसियों के सामने पढ़कर सुनाया अदालत का नोटिस

गुरुग्राम, हरियाणा: धोखाधड़ी के एक मामले में फरार आरोपी की तलाश करते हुए झारखंड पुलिस अनोखे अंदाज में गुरुग्राम पहुंची। बोकारो के बेरमो थाने की पुलिस डीएलएफ फेज-3 स्थित वी ब्लॉक में आरोपी बलराम कुमार गुप्ता के घर पहुंची। घर पर आरोपी नहीं मिला तो पुलिस ने ढोल बजवाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और लाउडस्पीकर के जरिए अदालत का नोटिस पढ़कर सुनाया। पुलिस ने घर के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया है।

आरोपी पर जमीन दिलाने के नाम पर एक कारोबारी से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। अदालत ने उसे एक महीने के भीतर पेश होने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है।

तीन साल से फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस

बोकारो के बेरमो थाने में तैनात एएसआई प्रभात किरण कोकिल अपनी टीम के साथ गुरुग्राम पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, बलराम कुमार गुप्ता पिछले करीब तीन साल से फरार चल रहा है। उसकी तलाश में कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वह नहीं मिला।

पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो कई बार घंटी बजाने के बावजूद कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने ढोल बजवाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से अदालत का नोटिस पढ़कर सुनाया और आरोपी को एक महीने के भीतर कोर्ट में पेश होने की जानकारी दी।

जमीन दिलाने के नाम पर लिए थे 25 लाख रुपये

मामले की शुरुआत बोकारो के बेरमो निवासी एग्रो कारोबारी मुकुल कुमार की शिकायत से हुई थी। शिकायत के मुताबिक, कारोबारी की जान-पहचान गुरुग्राम निवासी बलराम कुमार गुप्ता और दीपक कुमार से हुई थी। दोनों रिश्तेदार बताए गए हैं।

मुकुल कुमार को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए जमीन की जरूरत थी। आरोप है कि बलराम और दीपक ने उन्हें झारखंड के ओरमांझी में जमीन दिलाने का भरोसा दिया। दोनों ने एक पेट्रोल पंप के पास खाली प्लॉट दिखाया और दीपक कुमार ने उसे अपना बताया।

दो किस्तों में बैंक खाते में ट्रांसफर किए रुपये

शिकायत के अनुसार, अगस्त 2021 में बलराम और दीपक मुकुल कुमार के घर पहुंचे। जमीन का सौदा तय होने के बाद कारोबारी ने दो बार में कुल 25 लाख रुपये दोनों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उन्हें जमीन दी गई और न ही उनकी रकम वापस की गई। जब उन्होंने पैसे लौटाने की मांग की तो कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

2023 में दर्ज हुआ था धोखाधड़ी का मामला

मुकुल कुमार की शिकायत पर 22 मई 2023 को बोकारो के बेरमो थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपित फरार चल रहे हैं।

अदालत में पेश नहीं होने और लगातार फरार रहने के चलते उनके खिलाफ भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया की गई। 27 अक्टूबर को अदालत ने बलराम कुमार गुप्ता के खिलाफ आदेश जारी करते हुए एक महीने के भीतर पेश होने को कहा।

पेश नहीं हुए तो कुर्क हो सकती है संपत्ति

झारखंड पुलिस ने आरोपी के घर के बाहर अदालत का नोटिस चस्पा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय में अदालत में पेश नहीं होने पर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सकती है। मामले में दूसरे आरोपी दीपक कुमार की भूमिका और उसकी तलाश को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित है। मामले में लगाए गए आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया जारी है। दोष सिद्ध होने का अंतिम निर्णय अदालत करेगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply