
फिल्मों में आपने अक्सर देखा होगा कि एक युवक पहली पत्नी से शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी कर लेता है और दोनों पत्नियों को एक-दूसरे की भनक तक नहीं लगती। छतरपुर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी भगवानदास श्रीवास के बेटे वीरेंद्र श्रीवास पर उसकी दोनों पत्नियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला तब सामने आया, जब दोनों महिलाएं अलग-अलग शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पहली पत्नी ने कहा- बिना तलाक दूसरी शादी की
कोतवाली थाना क्षेत्र के नया मोहल्ला चौराहा निवासी प्रिया श्रीवास ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में वीरेंद्र श्रीवास से हुई थी। दोनों के बीच विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। प्रिया का आरोप है कि तलाक हुए बिना ही पति ने कमला उर्फ कल्लो नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। प्रिया ने पुलिस को बताया कि उसके पास शादी के फोटो, निमंत्रण पत्र, बातचीत की रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। उसका कहना है कि पति ने उसे गुमराह करते हुए दूसरी शादी की।
दूसरी पत्नी बोली- शादी के बाद पता चला पहले से शादीशुदा है पति
वहीं कमला उर्फ कल्लो ने भी SP कार्यालय पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। कमला का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि वीरेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसकी करीब तीन साल की बच्ची भी है। जानकारी मिलने के बाद जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। कमला ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब मायके वाले उसका सामान लेने पहुंचे तो उनके ऊपर गर्म पानी डालने की धमकी दी गई।
दोनों पत्नियों ने मांगी कार्रवाई और सुरक्षा
एक ही पति के खिलाफ उसकी दोनों पत्नियों के SP कार्यालय पहुंचने से वहां मौजूद पुलिसकर्मी और लोग भी हैरान रह गए। दोनों महिलाओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब पुलिस शिकायतों और दोनों पक्षों की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।



