CrimeIndia

​प्रमोद हत्याकांड: दिल्ली के रोहिणी में हिमांशु भाऊ गैंग से पुलिस की मुठभेड़, 14 राउंड चलीं गोलियां, 3 शूटर अरेस्ट

New Delhi News: उत्तरपश्चिम दिल्ली के नरेला इलाके में दो दिन पहले हुए बहुचर्चित प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दिल्ली पुलिस के रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटरों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया है. रोहिणी इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 14 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलीं.

​प्रमोद हत्याकांड: दिल्ली के रोहिणी में हिमांशु भाऊ गैंग से पुलिस की मुठभेड़, 14 राउंड चलीं गोलियां, 3 शूटर अरेस्ट

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो मुख्य शूटरों—दीपक पहलवान और नीतिक के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी सहित कुल तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है.

जिम के बाहर गोलियों से भूनकर की गई थी हत्या

उल्लेखनीय है कि नरेला निवासी प्रमोद कुमार का इलाके में ‘मुकुल गार्डन’ के नाम से मशहूर बैंक्वेट हॉल है और वह ‘मुकुल प्रॉपर्टीज’ के बैनर तले रियल एस्टेट का कारोबार भी चलाते थे. दो दिन पहले सुबह जब प्रमोद रोज की तरह जिम करने पहुंचे थे, तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी.

जांच में सामने आया कि प्रमोद को रंगदारी के लिए लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसके डर से वह अपने दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी से ही चलते थे. लेकिन वारदात के दिन जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर जिम की तरफ बढ़े, शूटर्स ने उन्हें संभलने का मौका दिए बिना गोलियों से भून दिया था.

रोहिणी में घेराबंदी के दौरान फायरिंग, पुलिस का करारा जवाब

प्रमोद हत्याकांड की जांच में जुटी स्पेशल टीमों को तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से सूचना मिली कि हिमांशु भाऊ गैंग के शूटर रोहिणी इलाके में छिपे हुए हैं. रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने जब इलाके में घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं. दोनों तरफ से चलीं 14 राउंड गोलियों के बाद पैर में गोली लगने से दो शूटर वहीं गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने एक नाबालिग सहयोगी समेत तीनों को दबोच लिया.

विदेश में बैठे गैंगस्टर से जुड़े तार, साजिश की जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि इस हत्याकांड के तार विदेश में बैठकर गैंग चला रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ से जुड़े हुए हैं. रंगदारी न देने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि रंगदारी की कितनी रकम मांगी गई थी, हत्याकांड की पूरी साजिश किसने रची थी और इसमें गैंग के कौनकौन से अन्य गुर्गे शामिल हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply