IndiaTrendingUttar Pradesh

बरेली एयरपोर्ट से जुलाई में उड़ान भरने की तैयारी, इंडिगो ने घटाए दिल्ली-नोएडा के किराए

बरेली। बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई सेवा शुरू होने में अब महज 25 दिन बाकी रह गए हैं। एक जुलाई से पंख लगाने जा रही इस उड़ान से पहले एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों को राहत देते हुए किराए में अच्छीखासी कटौती कर दी है। दिल्ली और नोएडा से बरेली आने वाली फ्लाइट का किराया करीब एक हजार रुपये सस्ता हो गया है, ताकि शुरुआती दिनों में ज्यादा से ज्यादा सीटें भर सकें।

बरेली एयरपोर्ट से जुलाई में उड़ान भरने की तैयारी, इंडिगो ने घटाए दिल्ली-नोएडा के किराए
बरेली एयरपोर्ट से जुलाई में उड़ान भरने की तैयारी, इंडिगो ने घटाए दिल्ली-नोएडा के किराए

कम बुकिंग तो कम किराया, बाद में बढ़ सकते हैं दाम

जिस दिन फ्लाइट शेड्यूल जारी हुआ था, उस समय किराया 4500 रुपये तय किया गया था। लेकिन अभी तक बहुत से लोगों को इस नई सेवा की जानकारी नहीं होने के कारण सीटें कम बुक हुई हैं। इसी को देखते हुए इंडिगो ने दिल्ली और नोएडा से बरेली आने का किराया घटाकर 3591 रुपये कर दिया है। हालाँकि, बरेली से दिल्ली और नोएडा जाने का किराया 4265 रुपये ही बरकरार है, जिससे संकेत मिलता है कि बरेली से बाहर जाने वाले यात्रियों की बुकिंग अपेक्षाकृत तेज़ है, लेकिन वापसी की सीटें कम भर रही हैं। एयरलाइन के डायनामिक प्राइसिंग मॉडल के चलते जैसेजैसे सीटें भरती जाएँगी, किराया फिर बढ़ना शुरू हो जाएगा।

दिल्ली के लिए सप्ताह में तीन, नोएडा के लिए चार दिन उड़ान

बरेली एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि एक जुलाई से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान शुरू हो जाएगी। यह फ्लाइट हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। इसका शेड्यूल भी यात्रियों के लिहाज से सुविधाजनक रखा गया है दिल्ली से दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरकर 2:36 बजे बरेली पहुँचेगी, जबकि वापसी में बरेली से 3:00 बजे रवाना होकर शाम 4:05 बजे दिल्ली लैंड करेगी।

दो जुलाई से शुरू होगी नोएडा फ्लाइट, चार दिन का संचालन

वहीं, बरेली से नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए पहली उड़ान दो जुलाई को भरेगी। यह सेवा हफ्ते में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। नोएडा से सुबह 10:30 बजे चलकर यह फ्लाइट 11:20 बजे बरेली पहुँचेगी और फिर बरेली से दोपहर 12:05 बजे रवाना होकर ठीक 1:00 बजे नोएडा उतरेगी।

लोगों को जागरूक करने की तैयारी

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि फ्लाइट संचालन की सभी तैयारियाँ जोरों पर हैं और जल्द ही आम लोगों को इस नई हवाई सेवा के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। बरेलीवासियों के लिए यह किसी सपने से कम नहीं कि अब वे चंद मिनटों की उड़ान भरकर राजधानी दिल्ली और नोएडा तक पहुँच सकेंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply