
गुजरात के अहमदाबाद शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है. जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के अनुसार, अब तर 166 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की जा चुकी है. जबकि 130 से अधिक अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. क्राइम ब्रांच और अन्य एजेंसियों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में शहर के विभिन्न हिस्सों से लगभग 300 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है.
जांच एंजिसियों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, पहचाने गए लोगों में 41 पुरुष, 95 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं.
करते थे दिहाड़ी मजदूरी
जांच एजेंसियों के अनुसार, इनमें से कई लोग दिहाड़ी मजदूरी का काम कर रहे थे. इस बीच, यह भी आरोप लगाया गया है कि इनमें से कुछ महिलाएं स्पा और देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क में काम कर रही थीं. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. इस बीच सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि आखिर इनलोगों के पास जाली दस्तावेज कहां से आए? पुलिस इस दिशा काफी बारीकी से जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच ने कई संदिग्धों के पास से भारतीय दस्तावेज से जुड़े विभिन्न दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनमें आधार कार्ड भी शामिल हैं.
अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर इन लोगों ने भारतीय पहचान पत्र कैसे हासिल किए. इसके अलावा, क्राइम ब्रांच इस पहलु पर भी जांच कर रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा था?
जांच में हुआ खुलासा
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अहमदाबाद से कमाई की रकम बाहर भेजी जा रही थी. क्राइम ब्रांच के अनुसार, कुछ मामलों में पैसा पश्चिम बंगाल के रास्ते भेजा गया, जबकि कुछ मामलों में इसे सीधे बांग्लादेश भेजा गया. इसके अलावा, यह बात भी सामने आई है कि इन लेन-देन के लिए मोबाइल ऐप्स और आंगड़िया नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था. जांच एजेंसियां अब इन वित्तीय लेन-देन की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं.
300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया
इस पूरे मामले में अब तक 300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है. इनमें से 166 लोगों की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के तौर पर पक्की की जा चुकी है, जबकि बाकी लोगों के दस्तावेजों और पहचान की पुष्टि अभी की जा रही है. इसके अलावा, अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे पूछताछ आगे बढ़ेगी, इस नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं. फिलहाल अहमदाबाद क्राइम ब्रांच का ऑपरेशन जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.



