
हापुड़ से एक दर्दनाक मामला सामने आ रहा है, जहां पर महिला के ऊपर ससुराल वाले बच्चा न होने पर दबाव बनाते थे और उसे परेशान करते थे साथ ही देवर अश्लील हरकत भी करता था. पुलिस में मामला दर्ज है और जांच हो रही है-
हापुड़ से एक खबर आ रही है जहां पर एक शादीशुदा लड़की ने अपने देवर पर दुष्कर्म करने की कोशिस और पति संग ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस को विवाहिता ने बताया की उसकी शादी साल 2012 में गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के सुनील वर्मा से हुई थी और फिर शादी के बाद बच्चा न होने की वजह से पति सुनील वर्मा, ससुर वीर सिंह, सास उर्मिला, देवर ललित वर्मा और जेठ अनिल वर्मा उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे.
महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने बच्चा न होने पर बहुत ताने देते और साथ ही मायके वालों से एक प्लाट मांग रहे थे. महिला ने आगे कहा कि ससुराल वालों से परेशान होकर उसके पिता ने करीब तीन साल पहले हापुड़ में 50 वर्ग गज का एक प्लाट खरीदा था जो बेटी के नाम किया. फिर भी ससुराल वालों को संतोष नहीं हुआ क्योंकि प्लाट पति के नाम नहीं हुआ था और फिर घर में मारपीट होती थी. बाद में परिवार वालों ने लड़की पर दबाव बढ़ाकर प्लाट बिकवा दिया और पैसे खुद रख लिए.
लंबे समय से परेशान कर रहा था देवर
महिला ने आरोप लगाया है कि उसका देवर ललित वर्मा काफी समय से उस पर गलत नीयत रख रहा था. वो बार-बार अश्लील हरकतें करता और अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था. जब भी महिला विरोध करती, तो वो उसे धमकियां देता था. पीड़िता के मुताबिक, उसने इस बारे में पति और घर के बाकी लोगों को बताया, लेकिन फिर महिला को डांट पड़ी और उसे मुंह बंद रखने को कहा गया और कहा कि अगर किसी को बताया तो घर से निकाल देंगे.
कमरे में घुसकर की जबरदस्ती की कोशिश
फिर 30 मई 2026 की रात करीब 8 बजे वो अपने कमरे में थी, तभी आरोप है कि देवर ललित कमरे में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा. महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो देवर वहां से भागा. घर का शोर सुन सास, ससुर, देवरानी सोमवती समेत घर के लोग वहां पहुंच गए और जब महिला ने देवर की घिनौना हरकत बताई तो किसी ने मदद नहीं की, बल्कि उसे कमरे में बंद कर दिया गया. इसके बाद सभी ने मिलकर उसे मारा और रस्सी का फंदा डालकर गला घोंटने की कोशिश की.
किसी तरह महिला वहां से भागी लेकिन पति और अन्य परिजनों ने उसे पकड़ लिया और फिर घर वापस ले जाकर मारा. इस दौरान दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या करने की भी कोशिश की. आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मार देंगे.
मायके वालों ने कराई FIR
अगले दिन महिला के मायके वाले ससुराल पहुंचे और उसे अपने साथ ले आए. कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी.



