
जगतपुर/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने और बैंक खाते से 8.40 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की नवाबगंजजगतपुर शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, फील्ड अधिकारी समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ऋषि कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता अजय कुमार सिंह करीब 20 वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उनका इलाज मानसिक रोग विशेषज्ञों से चल रहा है। इसके बावजूद आरोपियों ने उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि दस्तावेजों में उनके पिता के स्थान पर किसी अज्ञात व्यक्ति की फोटो लगाकर फर्जी हस्ताक्षर किए गए और बैंक अधिकारियों की मदद से किसान क्रेडिट कार्ड बनवा दिया गया।
KCC के जरिए खाते से निकाले 8,40,973 रुपये
आरोप है कि फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए बैंक खाते से 8,40,973 रुपये निकाल लिए गए। जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। पीड़ित को जालसाजी की जानकारी सलोन तहसील के निबंधक कार्यालय से मिली, जहां से उसे भूमि बंधक होने का प्रमाणपत्र मिला। ऋषि कुमार सिंह का कहना है कि उनके पिता ने कोई ऋण नहीं लिया था और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण उन्हें ऋण दिया जाना संभव नहीं था।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, फील्ड अधिकारी, डीह निवासी दीपक सिंह, नवाबगंज निवासी सोनू सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



