
अमृत विचार : लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ की पूजा ने कमाल कर दिया। पढ़ाई के दौरान ही मातापिता को खोने के बाद उनके सपने ठहर से गए थे, लेकिन हौसले में दम बरकरार रहा। शादी के बाद ससुराल गईं और दोबारा से पढ़ाई का इरादा किया। पढ़नेलिखने वाली पूजा ने अभिनेता अमिताभ बच्चन के चर्चित शोकौन बनेगा करोड़पति में किस्मत आजमाई। दिलचस्प बात ये है कि पूजा ने हॉट सीट पर बैठकर न सिर्फ अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब दिए, बल्कि 12.50 लाख रुपये का इनाम भी जीत लिया है। पूजा की इस उपलब्धि से क्षेत्रवासी खुश हैं और उनके हौसले की सराहना कर रहे हैं।
गोला के गांव बसलीपुर ग्रंट की मूल निवासी पूजा दास ने अमृत विचार अखबार को फोन पर बताया कि सोनी टेलीविजन पर सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के शोकौन बनेगा करोड़पति प्रश्नोत्तरी में वह 3 सितंबर को शामिल हुई थीं। अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर उनके द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देकर 12 लाख 50 हजार रुपए जीते हैं।
मातापिता के निधन के बाद रुकी शिक्षा
पूजा ने बताया कि नगर के सेंट जॉन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से वर्ष 2018 में आर्ट विषय से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। माता शैव्या रानी, पिता प्रेमचंद दास का स्वर्गवास होने के कारण वह आगे की पढ़ाई नहीं कर सकीं और गांव के ही सजल मंडल के साथ उनका विवाह हो गया।
इंस्टाग्राम पर एक्टिव हैं पूजा
विवाह के बाद उसके ससुरालीजनों ने पूरा सहयोग किया और उसने साइंस से फिर इंटरमीडिएट किया। उनकी एक बेटी भी है। पूजा ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाकर डालती हैं। इंस्टाग्राम पर एक लाख 90 हजार फॉलोअर हैं। अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब में पूजा दास ने कहा कि मुझे यह उम्मीद नहीं थी कि कौन बनेगा करोड़पति प्रतियोगिता में भाग लेने का और उनसे मुलाकात करने का मौका मिलेगा।
टीचर बनने का ख्वाब
पूजा का कहना है कि वह आगे और पढ़ाई कर शिक्षिका बनना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि केबीसी के लिए ऑनलाइन ऑडिशन 18 अगस्त से हुआ था और 2 सितम्बर की रात उसका लाइव प्रसारण किया गया।
इसे भी पढ़ें



