
रायबरेली, अमृत विचार। सावन की हरियाली, मेहंदी की खुशबू, चूड़ियों की खनक और तीज के उल्लास के बीच रायबरेली के विक्टोरिया होटल में सखी ग्रुप की ओर से हरियाली तीज समारोह का आयोजन किया गया। पांच वर्षों से इस पारंपरिक पर्व को उत्साह और सखी भाव के साथ मनाते आ रहे ग्रुप की सदस्यों ने इस बार भी आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह में डांस, सिंगिंग, गेम्स, ग्रैंड रैंप वॉक और तीज क्वीन प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम हुए। रंगबिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं, मेहंदी, संगीत और नृत्य ने पूरे आयोजन स्थल को सावन के रंग में रंग दिया।
डांस और सिंगिंग में दिखी प्रतिभा
समय पालन पुरस्कार अलका तिवारी को दिया गया। डांस प्रतियोगिता में सोनी कपूर, अमृता सिंह, नीलम वर्मा, मधुमिता चक्रवर्ती और दीप्ति मिश्रा ने शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। सिंगिंग प्रतियोगिता में आरती तिवारी, सावित्री शर्मा, रूबल मिश्रा, दीप्ति गुप्ता और शिखा रस्तोगी ने अपनी गायकी का हुनर दिखाया। वहीं चूड़ियों के गेम में रूबल मिश्रा विजेता रहीं।
ममता यादव बनीं तीज क्वीन 2026
समारोह का सबसे खास आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों ने शानदार रैंप वॉक के साथ आत्मविश्वास, पारंपरिक परिधान और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। निर्णायकों के आकलन के आधार पर ममता यादव को तीज क्वीन 2026 चुना गया। वहीं दीप्ति मिश्रा फर्स्ट रनर अप, शिखा रस्तोगी सेकंड रनर अप और मंजू चौधरी थर्ड रनर अप रहीं। प्रतियोगिता के दौरान सखी ग्रुप की सदस्यों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम की सफलता में सखी ग्रुप की सदस्य एवं आयोजक रेनू यादव, गुंजन कक्कड़, कंचन उपाध्याय, सुरभि कपूर, श्वेता वर्मा, सपना अग्निहोत्री और रीमा शुक्ला समेत सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
ः


