TrendingUttar Pradesh

​Raebareli News : राहुल गांधी ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, दिशा बैठक की करेंगे अध्यक्षता

​Raebareli News : राहुल गांधी ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, दिशा बैठक की करेंगे अध्यक्षता

रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के स्थानीय सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपने रायबरेली दौरे के दूसरे दिन बुधवार को भुएमऊ स्थित आवास पर सांसद निधि से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में विभिन्न स्थानों पर बारात घर, विद्युत ट्रांसफार्मर ट्रॉली, एम्बुलेंस सेवा तथा छोटीबड़ी इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण समेत कई परियोजनाएं शामिल हैं।

इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार के साथ ही स्थानीय लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। राहुल गांधी ने विकास योजनाओं को क्षेत्र की जनता के लिए समर्पित करते हुए कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर अमेठी सांसद के.एल. शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी समेत कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके सेंट्रल बार एसोसिएशन और चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

दिशा बैठक में विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा

राहुल गांधी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में जिले में संचालित केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में विकास कार्यों की गति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा होगी। दिशा की बैठक के बाद राहुल गांधी के लखनऊ होते हुए दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। 

मंगलवार शाम रायबरेली पहुंचे थे राहुल गांधी

गौरतलब है कि राहुल गांधी मंगलवार शाम यहां दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। उन्होने देर शाम प्रभु टाउन में स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान को लेकर चर्चा की थी। इस दौरान अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे। बाद में कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पार्टी व्यापारियों के हित, सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply