कपूरथला : रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य श्री सुनील कुमार ने 22 अगस्त 2026 को रेल रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला का दौरा कर फैक्ट्री की उत्पादन गतिविधियों एवं विनिर्माण सुविधाओं की समीक्षा की। आर सी एफ पहुंचने पर रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने श्री सुनील कुमार का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इसके पश्चात श्री सुनील कुमार ने आर सी एफ की विभिन्न उत्पादन सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम शीट मेटल शॉप का दौरा किया, जहां उन्होंने मशीनों के संचालन का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शेल असेंबली शॉप का दौरा कर कोच शेल के उत्पादन तथा जिग्स सुविधा का निरीक्षण किया।
अपर सदस्य ने तत्पश्चात निर्माणाधीन मेमू रेक की समीक्षा की तथा बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे रेक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सीटों की एक्स आर एफ के माध्यम से की जा रही टेस्टिंग का जायजा लिया। उन्होंने व्हील शॉप के समीप निर्धारित लाइन पर वंदे भारत के बोगी यूनिट्स का भी निरीक्षण किया। वर्कशॉप निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक एवं आर सी एफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान श्री सुनील कुमार को आर सी एफ की गतिविधियों, उत्पादन कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बैठक में उत्पादन, गुणवत्ता, तकनीकी उन्नयन, वेंडर विकास तथा विभिन्न चल रही परियोजनाओं से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर श्री अतुल सिंह, प्रधान कार्यकारी निदेशक तथा श्री दीपक त्रिपाठी, निदेशक/तकनीकी भी उपस्थित रहे।
श्री सुनील कुमार ने उच्च स्तर के विनिर्माण एवं गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए बांग्लादेश रेलवे के कोच, मेमू कोच तथा वंदे भारत ट्रेनसेट जैसे महत्वपूर्ण उत्पादन कार्यक्रमों को पूरा करने में आर सी एफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए गुणवत्ता, सुरक्षा, नवाचार तथा उत्पादन लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया। श्री सुनील कुमार ने आर सी एफ की मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं मांगों को धैर्यपूर्वक सुना तथा उनके विचारों पर विशेष ध्यान दिया।



