
काकोरी/लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती से शारीरिक संबंध बनाने और अतिरिक्त दहेज की मांग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, देवरिया निवासी आरोपी आलोक मिश्रा ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों की शादी तय होने के बाद आरोपी और उसके परिजनों की नीयत बदल गई और उन्होंने युवती पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसकी पिटाई की, गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की हिम्मत जुटाकर 27 जून को दुबग्गा थाने में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी आलोक मिश्रा के अलावा उसके पिता लवकुश मिश्रा, बहन ज्योति और मां को नामजद किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक भगवान सिंह द्वारा की जा रही है।
कानपुर बाईपास के पास पुलिस ने बिछाया जाल
शनिवार को दुबग्गा पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी कानपुर बाईपास चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक भगवान सिंह और उपनिरीक्षक रामभवन सोनकर की अगुवाई में पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया और मौके से आरोपी आलोक मिश्रा को धर दबोचा। इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका और संलिप्तता की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



