IndiaUttar Pradesh

दिल्ली में 23 अगस्त तक बारिश… यूपी से लेकर बंगाल तक मॉनसून मचाएगा तांडव, जानें हिमाचल-उत्तराखंड समेत अपने राज्य का हाल

IMD Weather Forecast: देश में मॉनसून का विकराल रूप देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है. इस बार मौसम का मिजाज कुछ ज्यादा ही उग्र है. बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से बारिश का दायरा बढ़ गया है. भारत मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बरसात का पूर्वानुमान जारी किया है. कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, तो कहीं वज्रपात हो सकता है. पहाड़ों पर भूस्खलन हो सकता है.

देश की राजधानी दिल्ली में बारिश और बादलों की आवाजाही ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान की है. मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल भी दिल्ली में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. 21 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या बूंदाबादी हो सकती है. ये सिलसिला राज्य में 23 अगस्त तक जारी रह सकता है. वहीं आज राज्य में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी से लेकर झारखंड तक मॉनसूनी तांडव

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय है. आज प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरजचमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के करीब 27 जिलों में बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है. आज बिहार के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से जारी की गई है. झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट है.

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, मालदा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. आंधी चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है. ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. राजस्थान के बारां, झालावाड़, बाड़मेर, बीकानेर, जयपुर, कोटा, उदयपुर, अलवर, चूरू, अजमेर, भरतपुर, जैसलमेर, जालौर और भीलवाड़ा में बारिशआंधी देखने को मिल सकती है. मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब में आज और कल कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी चल सकती है. हरियाणा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. विदर्भ, छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है.

पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश में कई जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. जम्मूकश्मीर के कुपवाड़ा, मीरपुर, जम्मू सहित कई अन्य जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply