TrendingUttar Pradesh

​UP में आफत की बारिश : सीएम योगी सख्त, 24 घंटे में मुआवजा देने का हुक्म; जानें जिलों का हाल

​UP में आफत की बारिश : सीएम योगी सख्त, 24 घंटे में मुआवजा देने का हुक्म; जानें जिलों का हाल

अमृत विचार लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बेमौसम भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। राज्य में हुए जानमाल और फसलों के आर्थिक नुकसान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को लखनऊ से नोएडा रवाना होने से पहले सीएम योगी ने आला अधिकारियों को एसी कमरों से निकलकर सीधे ग्राउंड ज़ीरो पर उतरने का कड़ा निर्देश दिया। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का आकलन 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए और प्रभावित परिवारों व किसानों को तत्काल मुआवजा व हर संभव मदद पहुंचाई जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की है कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली के दौरान बेवजह घरों से बाहर न निकलें और उफान पर आई नदियों व जलाशयों में नहाने से बचें। जिलों की हालत खस्ता: कहीं स्कूल बंद, तो कहीं फसलें तबाह। 

अयोध्या में स्कूलों की छुट्टी 

भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। हालांकि, जिन स्कूलों में परीक्षाएं पहले से तय थीं, वे तय शेड्यूल के मुताबिक ही होंगी।

बाराबंकी में धान की फसल लेटी

बेमौसम बारिश और हवाओं से खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। जो फसल कट कर रखी थी, वह पानी में डूब गई है। दरियाबाद के किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है और पैदावार घटने से भारी आर्थिक चपत लगना तय है।

कानपुर में तिली, उड़द और मक्का बर्बाद

पकने की कगार पर खड़ी उड़द और तिली की फसलों में पानी भरने से दाना सड़ने का खतरा है। मक्के की खेती को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

बस्ती में गन्ने और धान पर मार

तेज हवाओं से गन्ने की पेड़ी और अगेती धान के पौधे जमीन पर बिछ गए हैं। किसानों का कहना है कि धान में अब कीड़े लगने और बालियों के काले पड़ने का डर है, जिससे भारी नुकसान होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीनचार दिनों तक मौसम का यही रुख रहने वाला है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। कृषि विभाग ने जिलों में नुकसान के सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है।

रिपोर्ट : दरख्शां कदीर सिद्दीकी

यह भी पढे

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply