बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया. खास बात यह रही कि राजा भैया खुद बागेश्वर सरकार के सारथी बने और अपनी गाड़ी से उन्हें लेकर प्रतापगढ़ के कुंडा के लिए रवाना हुए. एयरपोर्ट पर हुए इस स्वागत और राजा भैया की अगवानी की चर्चा क्षेत्र में खूब हो रही है.

दरअसल, प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में कल से तीन दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है. इस धार्मिक आयोजन में बागेश्वर सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे. कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों, मर्यादा और उनके आदर्श जीवन मूल्यों का वर्णन किया जाएगा.
राजा भैया ने खुद संभाली गाड़ी की कमान
आयोजन को लेकर कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में भक्तों के इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है. प्रयागराज एयरपोर्ट पर बागेश्वर सरकार के पहुंचते ही राजा भैया ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने खुद गाड़ी चलाकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कुंडा के लिए रवाना किया. राजा भैया का इस तरह स्वागत करना और खुद सारथी बनना इस पूरे घटनाक्रम का खास आकर्षण रहा.
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
कुंडा में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय श्रीराम कथा में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं. बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है.
श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह है. बागेश्वर सरकार के मुखारविंद से श्रीराम कथा सुनने के लिए श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब सबकी निगाहें कुंडा में होने वाले इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन पर टिकी हैं.



