Satya Report: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पुलिसकर्मी शॉपिंग मॉल में महिलाओं के अंडरगारमेंट्स के साथ आपत्तिजनक हरकत करता नजर आया है. इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. इन पुलिसकर्मी के खिलाफ कई अन्य गंभीर आरोप भी लगे हैं.

जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के पढ़ुआ थाने के पांच पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे. आरोप है कि इसी दौरान वे अपनी ड्यूटी छोड़कर मॉल घूमने चले गए थे. इस दौरान एक हेड कांस्टेबल महिलाओं के अंडरगारमेंट्स छूटे और मुस्कुराते नजर आया था. इस दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो कि देखते ही देखते काफी वायरल हो गया.
SP ने पांच पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
इस वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे. हर कोई इस वीडियो को देखकर काफी हैरान है. इस पूरे मामले की गंभीर को देखते हुए SP लखीमपुर खीरी ख्याति गर्ग ने काफी कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिम्मेदार पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इस बारे में जानकारी दी है. यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही बरतने और अश्लील हरकत को ध्यान में रखते हुए की गई है.
पुलिस की छवि हुई धूमिल
हैड कांस्टेबल के वायरल वीडियो पर लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है. उनका कहना है कि जब कानून के रक्षक ही अश्लील हरकत करेंगे तो आम जनता का क्या ही होगा. इस पूरे मामले पर किसी भी पुलिस अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है. सिर्फ प्रेस नोट जारी कर कार्रवाई का संकेत दिया है. हैड कांस्टेबल की अश्लील हरकत ने पुलिस की छवि को धूमिल करने का काम किया है. मामले की विभागीय कार्रवाई भी प्रक्रिया में है.



