IAS Rinku Singh Rahi: जालौन में तैनात IAS एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं. इस बार बीजेपी के जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने उन पर निरीक्षण के दौरान अभद्र व्यवहार करने, थप्पड़ मारने और धक्कामुक्की करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले का CCTV वीडियो भी सामने आया है. ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए. साथ ही रिंकू सिंह राही को जालौन SDM के पद से हटाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/SDM उरई बनाया गया.

ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को बताया कि 23 जून को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे. उनके अनुसार, निरीक्षण के दौरान रिंकू सिंह राही सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर रहे थे. इसी बीच रिंकू सिंह राही ने स्टाफ से सभी जरूरी दस्तावेज महज ढाई मिनट के भीतर प्रस्तुत करने को कहा.
BJP ब्लॉक प्रमुख ने लगाए गंभीर आरोप
ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि स्टोरेज के मैनेजर ने रिंकू सिंह राही से कुछ अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया, क्योंकि सभी दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराना संभव नहीं था. उनका कहना है कि इसी दौरान जब वह स्वयं मौके पर पहुंचे तो ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मारने का प्रयास किया, जो उनके गाल के बजाय हाथ पर लगा. इसके बाद धक्कामुक्की और हाथापाई जैसी स्थिति बन गई.
CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना
रामराजा निरंजन ने दावा किया कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. उन्होंने पत्रकारों के सामने सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत किया और कहा कि यही फुटेज जिलाधिकारी को शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराई गई है. उनका आरोप है कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी का इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुरूप नहीं है.
जालौन SDM पद से हटाए गए रिंकू सिंह राही
घटना के सामने आने के बाद जिले के जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हलकों में भी नाराजगी का माहौल बताया जा रहा है. वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही इससे पहले भी व्यापारियों के साथ हुए विवाद को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. फिलहाल जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी है. साथ ही जालौन तहसील के SDM रिंकू सिंह राही को हटा दिया गया है. उनके स्थान पर राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम बनाया गाय है. रिंकू सिंह राही को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/SDM उरई के पद पर तैनात किया गया है.



