IndiaUttar Pradesh

​मथुरा में सड़क हादसा, हाईवे से उतरकर खेत में घुसी कार, बाप-बेटे और दादा को कुचला; तीनों की मौत

Mathura road accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां राया थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे पर एक बेकाबू कार सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी. वहां अपने देवताओं का स्थान बनवा रहे तीन लोगों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में नाती, उसके पिता और दादा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया.

​मथुरा में सड़क हादसा, हाईवे से उतरकर खेत में घुसी कार, बाप-बेटे और दादा को कुचला; तीनों की मौत

हादसा राया थाना क्षेत्र में गजू गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 8 बजे हुआ. मृतकों की पहचान गांव निवासी जवाहर सिंह , उनके बेटे हरवीर सिंह और नाती अंकित सिंह के रूप में हुई है.

जवाहर सिंह अपने खेत में पूर्वजों की समाधि को पक्का बनवा रहे थे. उनका खेत बरेली हाईवे से करीब 200 मीटर की दूरी पर है. गुरुवार सुबह वह अपने बेटे हरवीर और नाती अंकित के साथ खेत में मौजूद थे. तीनों अपने काम में लगे हुए थे. इसी दौरान बरेली की तरफ से मथुरा आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक हाईवे से नीचे उतर गई और खेत में जा घुसी. कार ने वहां मौजूद तीनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इसके बाद कार खेत में रखे एक पत्थर से जा टकराई.

कार का अगला हिस्सा पिचका

हादसे के बाद कार की हालत बेहद खराब हो गई. उसका अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. शीशे टूटकर बिखर गए और छत भी दब गई. टक्कर के बाद ड्राइवर अमन शर्मा स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया. कार के बोनट से धुआं भी निकलने लगा.

सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने कार का गेट काटकर ड्राइवर को बाहर निकाला. इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

अलीगढ़ से वृंदावन लौट रहा था ड्राइवर

पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा अमन शर्मा वृंदावन के कैलाश नगर का रहने वाला है. वह स्टेशनरी की दुकान चलाता है. गुरुवार सुबह वह अलीगढ़ से वृंदावन लौट रहा था. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि रास्ते में उसे नींद की झपकी आ गई थी. इसी वजह से कार पर उसका कंट्रोल नहीं रहा और गाड़ी हाईवे से उतरकर खेत में घुस गई.

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया. इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद जाम खुलवाया गया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हादसे की जांच की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply