
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व इंस्पेक्टर के घर डकैती की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि तीन बदमाश घर में घुसे, मां-बेटे को बंधक बनाया और करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर तथा 15 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
यह घटना श्याम नगर चौकी क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय दिवंगत रिटायर्ड इंस्पेक्टर जय नारायण त्रिपाठी के बेटे शरद चंद्र त्रिपाठी का 16 वर्षीय बेटा देवांश घर में पढ़ाई कर रहा था, जबकि उसकी मां रचना रसोई में थीं। इसी दौरान तीन बदमाश घर में घुस आए। इनमें से दो ने चेहरे ढक रखे थे, जबकि एक का चेहरा खुला था।
बताया गया कि देवांश ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, जिस पर एक आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बेटे को घायल होता देख मां रचना ने बदमाशों से जान बख्शने की गुहार लगाई। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें रसोई में बंद कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश करीब 45 मिनट तक घर में आराम से लूटपाट करते रहे। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और सोने-चांदी के जेवर, नकदी के अलावा परिवार के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
करीब एक घंटे बाद घर पहुंची घरेलू सहायिका प्रियंका ने बिखरा हुआ सामान देखा। रसोई से आवाज आने पर उसने दरवाजा खोला और मां-बेटे को बंधनमुक्त कराया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ के नीचे से लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए।
घटना की सूचना पर डीसीपी सत्यजीत गुप्ता, फोरेंसिक टीम और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपाचे बाइक से फरार हुए तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



