
सरकारी विभाग में कार्यरत नेत्रहीन (दिव्यांग) महिला अकाउंटेंट से रेप करने, धोखाधड़ी कर उसके बैंक खाते से रुपए ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दोस्ती करने के बाद पूरी वारदात को अंजाम दिया और उसे कई बार होटल लेजाकर कई बार संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके एटीएम कार्ड के जरिए पौने दो लाख रुपए निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पटौदी थाना पुलिस ने आरोपी रामनिवास उर्फ सोनू उर्फ यश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि तीन मई को पीड़िता अपने सरकारी काम से दिल्ली गई हुई थी। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह वापस पटौदी पहुंची और अपने गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी रामनिवास उर्फ सोनू निवासी गांव जनौला, पटौदी अपनी गाड़ी लेकर वहां आया। उसने महिला को देख न पाने की स्थिति में मदद की पेशकश की और खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर गांव छोड़ने की बात कही। रास्ते में उसने महिला से जान-पहचान बढ़ाई और उनका मोबाइल नंबर लिया।
आरोपी ने 10 मई को महिला को फोन कर मिलने की बात कही और उन्हें एक रेस्टोरेंट में लेकर गया। वहां उसने अपनी झूठी पारिवारिक कहानियां सुनाकर महिला की सहानुभूति हासिल की और दोस्ती कर ली। इसके बाद 25 मई को आरोपी महिला को खाना खिलाने के बहाने पटौदी स्थित एक होटल में लेकर गया। महिला को दिखाई न देने के कारण होटल में होने का अहसास नहीं हुआ। कमरे में ले जाकर आरोपी ने महिला के विरोध के बावजूद उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी पैरों में गिरकर माफी मांगने लगा और लगातार संपर्क में रहने लगा।
पीड़िता के अनुसार उनका वेतन सरकारी बैंक के खाते में आता है। जिसमें करीब 1.50 लाख रुपये जमा थे। देख न पाने के कारण उन्होंने पूर्व में आरोपी पर भरोसा कर एटीएम पिन बता दिया था ताकि वह पैसे निकालने में मदद कर सके। आरोपी ने चुपके से उनके बैग से एटीएम कार्ड चुरा लिया और खाते में जमा लगभग सारे पैसे निकाल लिए गए। जब महिला को बैंक पासबुक चेक करने पर खाते के खाली होने का पता चला और उन्होंने आरोपी से पूछताछ की, तो उसने पैसे निकालने की बात कबूल की और जल्द वापस करने का आश्वासन दिया।
पीड़िता ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे और परिजनों को बताने की बात कही, तो आरोपी रामनिवास ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने पैसे मांगे या पुलिस में शिकायत की, तो वह आत्महत्या कर लेगा और सुसाइड नोट में महिला का नाम लिखकर उन्हें फंसा देगा। इसके बाद 30 जुलाई को आरोपी फिर से महिला को रेवाड़ी के एक होटल में ले गया, जहां उसने दोबारा जबरदस्ती की और जान से मारने की धमकी दी। लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



