Mumbai Crime News: मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित समतानगर इलाके में एक नाबालिग लड़की की हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है और आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान तकनीकी साक्ष्यों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालने के बाद की गई. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं.

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार की सुबह पुलिस को एक लावारिस शव की सूचना मिली. पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कांदिवली पूर्व के दामूनगर के पीछे स्थित सुनसान पहाड़ी इलाके में एक नाबालिग लड़की का शव लहुलुहान हालत में पड़ा मिला. पहाड़ी पर नाबालिग का शव मिलने की खबर आग की तरह फैली, जिसके तुरंत बाद समतानगर थाना पुलिस, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर जांच शुरू की.
डिलीवरी बॉय निकला कातिल प्रेमी
शव की शिनाख्त होने के बाद जब पुलिस ने मृतका के बैकग्राउंड और दोस्तों से पूछताछ की, तो मामले में एक बड़ा मोड़ आया. पुलिस जांच और तकनीकी इनपुट से यह साफ हुआ कि मृतका का सूरज मारुति वाघमारे नाम के एक युवक के साथ काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था. शक की सुई सूरज पर घूमते ही पुलिस ने खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर जाल बिछाया. हत्या में उसकी संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी सूरज पेशे से एक डिलीवरी बॉय है.
हत्या या सोचीसमझी साजिश? तफ्तीश जारी
पहाड़ी पर ले जाकर की गई इस हत्या ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर सूरज ने अपनी ही प्रेमिका की जान क्यों ली.
पुलिस इस थ्योरी पर भी काम कर रही है कि क्या यह मर्डर पहले से सुनियोजित था यानी आरोपी लड़की को जान से मारने के इरादे से ही पहाड़ी पर लाया था, या फिर वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दे डाला.
डीसीपी गजानन राजमाने का बयान: जल्द खुलेगा हर राज
इस त्वरित और सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने ने बताया कि घटनास्थल से मिले फॉरेंसिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और सटीक खुफिया इनपुट की बदौलत पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर इस चुनौतीपूर्ण हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी सूरज से समतानगर थाने में गहन पूछताछ की जा रही है और रिमांड पर लेकर कोर्ट के सामने पेश करने के बाद हत्या के असली कारणों का जल्द ही आधिकारिक खुलासा किया जाएगा.



