BusinessIndia

​सेंसेक्स ने भरी 1500 अंकों की उड़ान, निवेशकों के पोर्टफोलियो में फिर से लौट आई जान!

Share Market Today: बुधवार की मायूसी के बाद गुरुवार को दलाल स्ट्रीट पर रौनक लौट आई. शेयर बाजार में आज जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली. बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी ने शानदार रिकवरी करते हुए निवेशकों को मुनाफा कमाने का बड़ा मौका दिया. सेंसेक्स ने आज 1500 से ज्यादा अंकों की लंबी छलांग लगाई और 74,315 के स्तर तक पहुंच गया. दूसरी तरफ निफ्टी ने भी पीछे मुड़कर नहीं देखा. निफ्टी 374 से ज्यादा अंक चढ़कर 23,000 के पास पहुंच गया. बाजार में लौटी इस बहार के पीछे आईटी, बैंकिंग और कंज्यूमर शेयरों का सबसे बड़ा हाथ रहा. इन सेक्टर्स में जमकर खरीदारी हुई, जिससे बाजार का मूड पूरी तरह पॉजिटिव हो गया.

​सेंसेक्स ने भरी 1500 अंकों की उड़ान, निवेशकों के पोर्टफोलियो में फिर से लौट आई जान!

सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में टीसीएस, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईटीसी जैसे दिग्गज शेयर शामिल रहे. हालांकि इस बंपर तेजी के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों को निराश भी किया. बीईएल, अडानी पोर्ट्स, ट्रेंट, पावर ग्रिड, एसबीआई, एलएंडटी और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.

आईटी शेयरों का दमदार प्रदर्शन

बाजार में आई इस भारी तेजी की सबसे बड़ी वजह आईटी सेक्टर का शानदार प्रदर्शन रहा. टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे शेयर लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए. अच्छे नतीजों के कारण निवेशकों का भरोसा इन कंपनियों पर बढ़ा है. इसके अलावा अमेरिकी बाजार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में बिकवाली का असर भी भारतीय बाजार पर अच्छा पड़ा है.

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक एआई शेयरों में आ रहा करेक्शन भारत के लिए अच्छी खबर है. जो विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बेचकर अमेरिकी एआई स्टॉक्स खरीद रहे थे, वो अब इस ट्रेंड को रोक सकते हैं. हालात अनुकूल रहे तो विदेशी पैसा वापस भारतीय बाजार में आ सकता है.

कच्चे तेल में गिरावट से राहत

बाजार को सहारा देने वाला दूसरा बड़ा फैक्टर कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है. गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक डॉलर से ज्यादा की कमी दर्ज की गई. ब्रेंट क्रूड ऑयल 1.76 डॉलर गिरकर 104 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं अमेरिकी क्रूड भी 1.02 डॉलर फिसलकर 94.07 डॉलर पर पहुंच गया. तेल के सस्ता होने से भारतीय अर्थव्यवस्था को काफी फायदा होता है, जिसका सीधा असर शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर दिखता है.

रुपये की मजबूती ने दिया सहारा

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई मजबूती ने भी बाजार का जोश बढ़ाया. भारतीय रुपया पिछले बंद के मुकाबले 0.2 फीसदी की बढ़त के साथ 94.92 पर खुला. अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के कमजोर होने से रुपये को ये अहम बढ़त मिली. जानकारों का मानना है कि डॉलर में अभी गिरावट का रुख दिख रहा है. हालांकि बाजार पूरी तरह स्थिर होने तक नई लॉन्ग पोजीशन बनाने से बचने की सलाह दी जा रही है.

एक्सपायरी के दिन शॉर्ट कवरिंग का असर

आज 15 अक्टूबर को सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी भी थी. एक्सपायरी के दिन अक्सर बाजार में तेज उतारचढ़ाव देखने को मिलता है. ट्रेडर्स अपनी पोजीशन को सेटल करते हैं. इस शॉर्ट कवरिंग की वजह से भी इंडेक्स को ऊपर जाने में खासी मदद मिली.

एक तरफ जहां लार्ज कैप शेयरों ने बाजार को नई ऊंचाई पर पहुंचाया, वहीं ब्रॉडर मार्केट में थोड़ी कमजोरी नजर आई. स्मॉलकैप और माइक्रोकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी तक गिर गए. निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स में एमटीएआर टेक्नोलॉजीज, नेटवेब टेक्नोलॉजीज और सिएट जैसे शेयर 6 फीसदी तक टूट गए.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply