मोहाली : मोहाली के सेक्टर68 स्थित श्री गुरु हरसहाय सोसायटी के बाहर एक युवती से कथित छेड़छाड़ और उसके परिजनों पर कार चढ़ाने की कोशिश के मामले में पंजाब पुलिस के दो कांस्टेबलों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

पुलिस जांच के आधार पर आरोपी कांस्टेबल गुरपिंदर और गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पुलिस लाइन में तैनात हैं और घटना के समय सिविल ड्रेस में थे। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान उनके पास कोई सरकारी हथियार नहीं था। घटना में इस्तेमाल की गई उनकी निजी स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, वह अपनी बहन के साथ बाजार से लौट रहा था, तभी सफेद स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने रास्ते में युवती से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। उनसे बचने के लिए दोनों अपनी कार से श्री गुरु हरसहाय सोसायटी पहुंच गए, लेकिन स्कॉर्पियो सवार वहां तक उनका पीछा करते हुए पहुंच गए।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, महिला आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



