
Sanchita Ugale Death: टीवी और फिल्म अभिनेत्री संचिता उगले की मौत के मामले में एक नया और चौंकाने वाला दावा सामने आया है. यह दावा उनकी करीबी दोस्त और अभिनेत्री इंद्राक्षी कांजीलाल ने किया है. इंद्राक्षी का कहना है कि शो ‘साजन घर’ के दौरान एक को-स्टार की वजह से संचिता काफी परेशान रहती थीं.
संचिता उगले को टीवी शो ‘साजन घर’ में पूजा के किरदार के लिए जाना जाता था. उनकी मौत की जांच अभी जारी है और पुलिस अलग-अलग पहलुओं को देख रही है. इसी बीच इंद्राक्षी ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि शो के दौरान संचिता को उनके एक सह-कलाकार से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था. इंद्राक्षी के मुताबिक, वह अभिनेता संचिता के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करता था और इससे अभिनेत्री मानसिक रूप से परेशान रहती थीं.
निजी जिंदगी को लेकर किए गए दावों पर उठाए सवाल
इंद्राक्षी ने उन बातों को भी गलत बताया जिनमें कहा गया था कि संचिता अपने पुराने रिश्ते और ब्रेकअप की वजह से तनाव में थीं. उन्होंने कहा कि जिस अभिनेता ने ये बातें कही हैं, वह संचिता के इतने करीब नहीं था कि उनकी निजी जिंदगी के बारे में इस तरह की बातें कर सके. इंद्राक्षी ने कहा कि उन्हें यह सुनकर हैरानी और दुख हुआ.गौरतलब है कि संचिता के निधन के बाद इसी अभिनेता के साथ उनके रिश्ते की खबरें भी सामने आई थीं. हालांकि अभिनेता ने इन खबरों से इनकार करते हुए कहा था कि वह दोनों रिलेशनशिप में नहीं थे.
पैसे के लेन-देन को लेकर भी आरोप
इंद्राक्षी ने दावा किया कि उस अभिनेता ने शायद संचिता से कुछ पैसे उधार लिए थे. उनका कहना है कि जब संचिता ने अपने पैसे वापस मांगे तो अभिनेता नाराज हो गया. इंद्राक्षी के अनुसार, उसने संचिता के साथ बदसलूकी की, उनका अपमान किया और उन्हें धमकियां भी दीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास दोनों की बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट मौजूद हैं, जिनमें कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था.शिकायत के बाद छोड़ दिया था शो
इंद्राक्षी का कहना है कि शो ‘साजन घर’ के दौरान संचिता लगातार मानसिक दबाव में थीं. उन्होंने इस मामले की शिकायत शो के जिम्मेदार लोगों से भी की थी. लेकिन जब उन्हें लगा कि स्थिति में कोई बदलाव नहीं होने वाला है, तो उन्होंने शो छोड़ने का फैसला कर लिया.
इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ चैट्स भी वायरल हो रही हैं, जिन्हें इस मामले से जोड़ा जा रहा है. हालांकि अभी तक इन चैट्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल संचिता उगले की मौत के मामले की जांच जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.



