उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित पॉश सोसायटी अवध ग्रीन अपार्टमेंट में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में 9 दिन बाद भी पुलिस लकीर पीट रही है. पुलिस के पास अभी तक मुख्य हत्यारोपी और शिवा शर्मा की गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे की आधिकारिक लोकेशन नहीं मिली है. पुलिस दावे तो कर रही है कि श्रद्धा की तलाश नेपाल में कराई जा रही है. जबकि पुलिस सूत्रों का ही कहना है कि वह नेपाल में नहीं, बल्कि यूपी के एक बड़े शहर में रह रही है.

अब सवाल उठ रहा है कि पुलिस ये लुकाछिपी का खेल क्यों खेल रही? कहीं ऐसा तो नहीं कि पुलिस श्रद्धा को खुद कोर्ट में सरेंडर करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने में जुटी है? इसके साथ ही सवाल यह भी है कि पुलिस श्रद्धा को पकड़ने में ढील क्यों दे रही है? इसके जवाब में उसके वीआईपी कनेक्शन सामने आ रहे हैं. 25 हजार की इनामी श्रद्धा और उसके सहयोगियों की तलाश में पुलिस कभी बहराइच तो कभी नेपाल की गलियों में खाक छान रही है.
क्या ‘सर’ का है दबाव
9 दिन बाद भी श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की फरारी को लेकर सवाल उठ रहा है. सर्विलांस और एसटीएफ समेत पुलिस की आठ टीमें इनकी तलाश कर रही है. बावजूद इसके साधारण सी दिखने वाली इस लड़की का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पा रहा. ऐसे में सवाल यह भी है कि कहीं पुलिस लखनऊ वाले ‘सर’ के दबाव में तो नहीं है. इसी के साथ सवाल यह भी उठ रहा है कि फरारी के दौरान खर्चे के लिए श्रद्धा को फंडिंग कहां से हो रही है.
ATM भी नहीं जा रही श्रद्धा
श्रद्धा ने फरारी के दौरान अब तक किसी एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया है. उसने अपने खाते से पैसे नहीं निकाले हैं. जबकि बीते नौ दिनों की फरारी में एक लाख रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक उसके खाते की निगरानी हो रही है. ऐसे में यदि वह एटीएम से पैसे निकालती या बैंक जाती तो उसकी लोकेशन ट्रेस हो जाती. माना जा रहा है कि फरारी के दौरान उसे कहीं से नगद पैसा पहुंचाया जा रहा है. जिससे वह होटल, खानापीना, यात्रा एवं अन्य मदों में खर्च कर रही.
सिर पर ‘ताकतवर’ व्यक्ति का हाथ
जिस प्रकार से श्रद्धा को पुलिस की नजरों से बचाया जा रहा है, उसके खर्चे का इंतजाम हो रहा है, इससे जाहिर हो रहा है कि उसके सिर पर किसी ताकतवर व्यक्ति का हाथ है. वहीं उसकी फरारी में माफिया सिंडिकेट का भी सहयोग मिलने की बात कही जा रही है. बता दें कि पिछले दिनों श्रद्धा के कई वीडियो वायरल हुए थे. इनमें किसी भी किसी बड़े नेता के साथ तो किसी वीडियो में किसी बड़े अधिकारी के साथ नजर आई थी. यही नहीं, एक वीडियो में उसे एक गैंगस्टर की गोद में लेटे भी देखा गया.



