
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। रक्षाबंधन के दिन देवरानी और जेठानी के बीच एक टिप्पणी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि जेठानी ने कथित तौर पर अपनी देवरानी की चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घर के बाहर बने पानी के हौज में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
लव मैरिज के बाद परिवार में चल रहा था विवाद
यह मामला राऊ थाना क्षेत्र के नेहरू नगर का है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान वंदना के रूप में हुई है। बताया गया कि वंदना ने 11 अगस्त को उपेंद्र के साथ प्रेम विवाह किया था। परिवार इस शादी से खुश नहीं था। इसके अलावा वंदना की नशे की आदत को लेकर भी घर में विवाद रहता था।
बाद में उपेंद्र नेहरू नगर छोड़कर राजनगर में किराए के मकान में रहने लगा। इसी दौरान वंदना के अचानक लापता होने पर चंदन नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
भाई को लेकर की गई टिप्पणी बनी विवाद की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पार्वती बाई कुशवाह का भाई दमोह जेल में दुष्कर्म के मामले में बंद है। आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर टिप्पणी कर दी।
इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हुई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। उस समय घर में पार्वती और वंदना ही मौजूद थीं। पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उसका पति और देवर अस्पताल में भर्ती थे।
चाकू से हमला कर दी जान
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान पार्वती ने चाकू से वंदना की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वंदना की मौत हो गई।
वारदात के बाद पार्वती ने शव को घर से बाहर बने पानी के हौज तक पहुंचाया और उसमें डाल दिया। इसके बाद उसने खुद को सामान्य दिखाने की कोशिश की, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पति से मिलने अस्पताल भी पहुंची आरोपी
हत्या के बाद पार्वती अपने अस्पताल में भर्ती पति से मिलने भी पहुंची। दूसरी ओर परिवार और पुलिस वंदना की तलाश कर रहे थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में पार्वती की कुछ गतिविधियां जांच टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हुईं।
इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ आगे बढ़ने पर उसके बयान में विरोधाभास सामने आने लगे।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ के दौरान पार्वती ने आखिरकार वंदना की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को पानी के हौज से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
-1788601346548_v.webp)


