गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में नाती ने अपनी नानी की बेरहमी से हत्या कर दी हैै। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी नानी को 24 बार चाकू से गोदा है। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।

बिहार में एक नाती ने अपनी नानी को बेहद ही खौफनाक मौत दी है। अपनी नानी के साथ एक ही कमरे में सो रहे नाती ने रात के वक्त महिला को 24 बार चाकू से गोद कर मार डाला है। हैरान कर देने वाली वारदात गोपालगंज जिले की है। यहां स्थानीय थाने के बनरहां गांव में रविवार की देर रात रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना में नाती ने अपनी 85 वर्षीय नानी पर चाकू से दो दर्जन से अधिक वार कर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कोईलासी खातून के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके 21 वर्षीय नाती साहेब हुसैन पर है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, भोरे थाना क्षेत्र के ईमिलिया गांव निवासी अनवर मियां का पुत्र साहेब हुसैन बचपन से ही अपने मामा के घर बनरहां गांव में रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने गांव में रह रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद वह शुक्रवार को मामा के घर आया था।
रविवार की रात खाना खाने के बाद साहेब अपनी नानी और ममेरे भाई के साथ एक ही कमरे में सोया था। रात करीब दो बजे वह अचानक उठा और चाकू से नानी के सिर पर लगातार दो दर्जन से अधिक वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
शोर मचाते हुए कमरे से भागा ममेरा भाई
वारदात के दौरान कमरे में मौजूद ममेरा भाई यह देखकर घबरा गया। वह शोर मचाते हुए कमरे से बाहर निकला और आसपास के लोगों को जगाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वृद्ध नानी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपित को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।
चाकू बरामद, हत्या की वजह अब भी बनी हुई है पहेली
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। सोमवार को पहुंची एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। आखिर युवक ने अपनी बुजुर्ग नानी की हत्या क्यों की, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



