Tumkur News: कर्नाटक के तुमकुर जिले से रिश्तों को तारतार कर देने वाली एक हृदयविदारक वारदात सामने आई है. कुनिगल तालुक के चौदनायकानपाल्या गांव में पतिपत्नी के बीच चल रहे आपसी विवाद की भेंट एक 16 वर्षीय मासूम बेटा चढ़ गया. एक कलयुगी पिता ने गुस्से में पागल होकर अपने ही किशोर बेटे पर हथौड़े और धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

रविवार सुबह करीब 6 बजे हुई इस खौफनाक वारदात को मृतक की मां ने घर की खिड़की से अपनी आंखों के सामने होते देखा. हैरानी की बात यह है कि बेटे को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पिता भागा नहीं, बल्कि शव के पास ही घर में बैठा रहा. सूचना पाकर मौके पर पहुंची कुनिगल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी नंजप्पा और उसकी पत्नी रंजीता की शादी को 20 साल हो चुके हैं और उनके दो बेटे हैं. पिछले कुछ महीनों से दंपति के बीच लगातार झगड़े चल रहे थे. करीब 6 महीने पहले भी रंजीता की शिकायत पर नंजप्पा को जेल जाना पड़ा था. हालांकि, जेल से रिहा होने के बाद दोनों में सुलह हो गई थी और वे फिर से साथ रहने लगे थे.
सुबह 6 बजे घर का दरवाजा खोलते ही की हत्या
रविवार सुबह एक बार फिर नंजप्पा और रंजीता के बीच तीखा झगड़ा शुरू हो गया. विवाद के दौरान नंजप्पा ने रंजीता को घर से बाहर निकाल दिया. इसी बीच सुबह करीब 6 बजे ट्यूशन जाने की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय बेटे सुनील ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, गुस्से में बेकाबू नंजप्पा ने उस पर हथौड़े और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण सुनील की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
खिड़की से बेटे की हत्या देख सदमे में मां, पिता गिरफ्तार
घर से बाहर निकाली गई रंजीता ने खिड़की से अपने ही पति द्वारा बेटे की बेरहमी से हत्या होते देखी, जिसे देख वह गहरे सदमे में आ गई. तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही कुनिगल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी नंजप्पा हत्या के बाद घर के भीतर ही बैठा मिला. पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि दंपति का दूसरा बेटा अपनी नानी के घर रहता है, जिससे उसकी जान बच गई.



