Satya Report: Raja Raghuvanshi Case Indore: बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में कानूनी सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है. मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को सशर्त जमानत मिलने के ठीक बाद, इस मामले के दूसरे अहम आरोपी राज कुशवाहा की जमानत याचिका पर आज शिलांग कोर्ट में सुनवाई होनी है. इस सुनवाई से पहले ही मृतक राजा के परिवार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिससे मामला और भी गरमा गया है. मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम के मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

विपिन का दावा है कि सोनम के पिता और भाई गोविंद न केवल सोनम को बचाने में लगे थे, बल्कि अब वे राज कुशवाहा की जमानत के लिए भी एड़ीचोटी का जोर लगा रहे हैं. विपिन का आरोप है कि राज कुशवाहा की जमानत याचिका भी सोनम के परिजनों के सहयोग से ही दाखिल की गई है. उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जेल से लेकर कोर्ट तक आरोपियों की मदद की जा रही है, जो न्याय प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ है.
भाई गोविंद का यूटर्न मेरा कोई रिश्ता नहीं
इन आरोपों के बीच सोनम के भाई गोविंद का एक अलग ही स्टैंड सामने आया है. गोविंद ने विपिन के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह अब इन विवादों से तंग आ चुके हैं. बोले मैंने राजा के परिवार की मदद की. जहां मुझे बुलाया गया मैं वहां गया. फिर भी वो मुझे दोषी मानते हैं तो आज मैं राजा के परिवार का भी साथ नहीं दूंगा. गोविंद के मुताबिक, उनका सोनम से भी कोई लेनादेना नहीं है. बोले यदि सोनम घर आती है, तो मैं खुद घर छोड़कर दूसरी जगह रहने चला जाऊंगा. मातापिता यदि सोनम की मदद कर रहे हैं, तो वह उनका व्यक्तिगत निर्णय है.
क्या है पूरा मामला?
ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था. आरोप है कि उनकी पत्नी सोनम ने राज कुशवाहा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग और साजिश की परतें खुली थीं. अब जबकि सोनम जेल से बाहर आने वाली है, राज कुशवाहा की बेल याचिका पर आने वाला फैसला इस केस की दिशा तय करेगा.
शिलांग कोर्ट में आज होने वाली बहस में अभियोजन पक्ष राज की जमानत का विरोध कर सकता है, वहीं बचाव पक्ष सोनम को मिली राहत को आधार बनाकर दलीलें पेश कर सकता है. सबकी नजरें अब अदालत के फैसले पर टिकी हैं.



