Satya Report: भले ही शेयर बाजार में करीब 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन निवेशकों ने ये दिन कोई बुरा नहीं रहा. खास बात तो ये है कि गिरावट के दिन भी निवेशकों की झोली में 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आ गए. ऐसा काफी कम देखने को मिलता है कि जब सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखने को मिले और निवेशक फायदे में आ जाएं. आज यानी बुधवार का दिन कुछ ऐसा ही देखने को मिला है. आंकड़ों को देखें तो सेंसेक्स में 750 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखने को मिली. जबकि निफ्टी भी करीब 200 अंक तक टूट गया. उसके बाद भी ओवरऑल निवेशकों को नुकसान नहीं हुआ. एचयूएल, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी कंपनियों के शेयरों में आई तेजी ने निवेशकों को वो नुकसान नहीं होने दिया, जो अमूमन बाजार के एक फीसदी तक टूटने पर हो जाता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में किस तरह के आंकड़े देखने को मिले और निवेशकों की झोली में कैसे 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आ गए, समझने की कोशिश करते हैं…

शेयर बाजार में एक फीसदी की गिरावट
शेयर बाजार में बुधवार को एक फीसदी की गिरावट देखने को मिली. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 757 अंकों की गिरावट के साथ 78,516.49 अंकों पर बंद हुआ. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 831.03 अंकों की गिरावट के साथ 78,442.30 अंकों पर आ गया था. वैसे सुबह सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 79,019.34 अंकों पर हुआ था. वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी में भी करीब 200 अंकों की गिरावट देखने को मिली है. आंकड़ों को देखें तो निफ्टी 198.50 अंकों की गिरावट के साथ 24,378.10 अंकों पर बंद हुआ. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 223.7 अंकों की गिरावट के साथ 24,352.90 अंकों पर आ गया. वैसे सुबह के समय निफ्टी 24,470.85 अंकों पर ओपन हुआ था.
ब्रॉडर मार्केट में आई तेजी
वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स और निफ्टी के मुकाबले में ब्रॉडर मार्केट में तेजी देखने को मिली है. मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट ने मजबूती दिखाई. निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स क्रमशः 0.19 फीसदी और 1.13 फीसदी ऊपर चढ़कर बंद हुए. बाजार की स्थिति सकारात्मक रही. 2,340 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 1,745 शेयरों में गिरावट आई, और 142 शेयर अपरिवर्तित रहे. हालाँकि, बाज़ार में उतार-चढ़ाव (Volatility) थोड़ा बढ़ गया, और India VIX 3.8 प्रतिशत बढ़कर 18.19 पर पहुंच गया.
निवेशकों ने कमाए 60 हजार करोड़ से ज्यादा
शेयर बाजार में 750 से ज्यादा अंकों की गिरावट के बाद भी शेयर बाजार निवेशकों को कमाई हुई है. ये कमाई बीएसई के मार्केट कैप से जुड़ी हुई है. आंकड़ों को देखें तो एक दिन पहले बीएसई का मार्केट कैप 4,68,67,234.72 करोड़ रुपए था. जबकि सेंसेक्स और निफ्टी 700 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ बंद हुए थे. जबकि बुधवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद मार्केट कैप 4,69,27,622.40 करोड़ रुपए पर आ गया है. इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में 60,387.68 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला है. इसका मतलब है कि बाजार में गिरावट के बाद भी निवेशकों की कमाई में इजाफा देखने को मिला है. .



