
Prayagraj
: प्रयागराज में चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है, प्रयागराज के धूमनगंज से चोरी हुई स्कूटी का सुराग मथुरा ट्रेफिक पुलिस के ई-चालान से मिला है। चालान का मैसेज फोन पर आने के बाद पीड़ित ने फोटो देखी तो स्कूटी चला रहा युवक कॉलोनी का ही परिचित निकला। पीड़ित ने
धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। राजरूपपुर स्थित नमन वसुधा विहार कॉलोनी निवासी रामराज के मुताबिक,14 जुलाई की रात स्कूटी कॉलोनी की पार्किंग में खड़ी की थी। सुबह स्कूटी गायब थी।
खोजबीन करने पर कुछ पता नहीं चल सका। 16 जुलाई को उनके फोन पर मथुरा ट्रैफिक पुलिस की ओर से स्कूटी का ई-चालान होने का संदेश मिला। उन्होंने चालान के साथ अपलोड फोटो को देखा तो कॉलोनी का सम्मुख कुमार स्कूटी चलाता दिखा।रामराज का कहना है कि उन्होंने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडिय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। स्कूटी बरामदगी को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



