
. पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में 10वीं का स्टूडेंट उस समय हैरान रह गया, जब उसे पता चला कि उसके अकाउंट में अचानक 759 करोड़ रुपए आ गए। जब उसने यह बात अपने परिवार को बताई तो सब डर गए और सीधे पुलिस के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी।
स्टूडेंट चंद्रकांत देबनाथ कूचबिहार से 35 किलोमीटर दूर दिन्हाटा के अतियाबारी का रहने वाला है। उसके पिता कारपेंटर हैं। वह शनिवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अपने अकाउंट से 500 रुपए निकालने पहुंचा था। पैसे निकालने के बाद चंद्रकांत ने अपने अकाउंट का बैलेंस चेक किया। वह यह देखकर चौंक गया कि उसके अकाउंट में 759 करोड़ रुपए जमा हैं।
अकाउंट में इतने पैसे देखकर मैं डर गया- चंद्रकांत
द टेलिग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रकांत डरकर अपने घर पहुंचा और परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। उसने बताया- मुझे समझ नहीं आ रहा कि मेरे खाते में इतनी बड़ी रकम कैसे जमा हो गई। मैं बहुत डर गया हूं। मैंने शनिवार को पुलिस स्टेशन में इसकी जानकारी दी।
उधर, चंद्रकांत और उसके परिवार के लोगों ने बैंक के भी संपर्क किया, लेकिन शनिवार और रविवार होने की वजह से बैंक बंद थी और संपर्क नहीं हो पाया। दिन्हाटा पुलिस ने चंद्रकांत से लिखित में शिकायत देने के लिए कहा है।
पूरे जीवन में इतनी रकम नहीं देखी- स्टूडेंट के पिता
चंद्रकांत के पिता नीलकंठ ने कहा- मैंने अपने जीवन में इतनी बड़ी रकम न देखी है और न ही सुनी है। इस घटना से हम सब घबराए हुए हैं। हम किसी भी तरह की कानूनी या आर्थिक परेशानी में नहीं पड़ना चाहते, इसीलिए हमने पुलिस से संपर्क किया है। हमने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दे दी है। परिवार ने इस बात की तुरंत जांच की मांग की है कि देबनाथ के अकाउंट में इतनी बड़ी रकम कैसे आई। कुछ लोगों का मानना है कि किसी तकनीकी या सॉफ्टवेयर गड़बड़ी के चलते यह सब हुआ।



