
सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में मतगणना के दौरान हुए विवाद और पूरी चुनाव प्रक्रिया निरस्त किए जाने का मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। चुनाव मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने बताया कि एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दुबे ने चुनाव रद्द किए जाने की सूचना देते हुए जिला जज के माध्यम से नए सिरे से चुनाव कराए जाने की मांग की है।
वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा के अनुसार, मतगणना के दौरान उत्पन्न विवाद के बाद एल्डर्स कमेटी ने पूरी चुनाव प्रक्रिया निरस्त करने का निर्णय लिया। इस संबंध में उच्च न्यायालय में मामला रखा गया है। अब चुनाव की आगे की दिशा हाईकोर्ट के आदेश से तय होने की संभावना है।
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मांग
अधिवक्ता संतोष पांडेय ने कहा कि बार चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। मतगणना के दौरान हुई घटना गंभीर है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्पन्न स्थिति का विधिसम्मत समाधान आवश्यक है। अधिवक्ता अब्बास अहमद खान ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो विवाद उत्पन्न हुआ है, उसका निष्पक्ष एवं न्यायसंगत समाधान होना चाहिए। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप आगे की चुनाव प्रक्रिया कराई जानी चाहिए।



