TrendingUttar Pradesh

​Sultanpur Double Murder: सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और पत्नी का खून से लथपथ मिला शव, फावड़े-कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

​Sultanpur Double Murder: सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और पत्नी का खून से लथपथ मिला शव, फावड़े-कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

सुल्तानपुर, अमृत विचार। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक शिक्षक दंपती के शव उनके निजी स्कूल परिसर में खून से सने मिले। सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक एवं ब्लॉक शिक्षक संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या कर दी गई। मौके से खून से सना फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुआ है।

वारदात की जानकारी मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुई। स्कूल का ड्राइवर राकेश यादव गाड़ी की चाबी लेने पहुंचा था। इसी दौरान उसने स्कूल के एक कमरे में विनीता का शव देखा। पास में खून से सना फावड़ा पड़ा था। ड्राइवर के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद विनीता के शव से करीब 150 मीटर दूर मुकेश सिंह का शव पड़ा मिला।

घटना की सूचना पर एसपी विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्कूल परिसर में रहकर पैतृक घर की देखरेख करते थे दंपती

मुकेश सिंह का कुंभी डडिया गांव में पैतृक आवास है। वह पत्नी विनीता के साथ स्कूल परिसर के एक हिस्से में रहकर पैतृक घर की देखरेख करते थे। विनीता गांव में ही करीब एक किलोमीटर दूर मनरागी इंटर कॉलेज चलाती थीं। स्कूल में 17 शिक्षक और कर्मचारी हैं, जबकि करीब 550 बच्चे पढ़ते हैं।

दंपती का इकलौता बेटा अभ्युदय दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह दिल्ली से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो चुका है। पुलिस ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी सूचना दे दी है।

2009 में बने सहायक अध्यापक, 2013 से शिक्षक संघ अध्यक्ष

मुकेश सिंह पहले शिक्षामित्र थे। वर्ष 2009 में वह सहायक अध्यापक बने। वर्ष 2013 से वह लगातार मोतिगरपुर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष रहे। इस बार भी वह शिक्षक संघ का चुनाव लड़ रहे थे। चुनाव के लिए 30 सितंबर को मतदान होना था, लेकिन 28 सितंबर को चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

वहीं, विनीता सिंह ने वर्ष 2002 में गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान शुरू किया था। वह पिछले जिला पंचायत चुनाव में भी प्रत्याशी रही थीं, हालांकि चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

परिवार में शिक्षक और बैंककर्मी भी

मुकेश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता राम बदन सिंह किसान थे और उनका काफी पहले निधन हो चुका है। परिवार के पास करीब 35 बीघा पैतृक जमीन बताई गई है।

उनके बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं।

तीन एंगल पर जांच कर रही पुलिस

पुलिस फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट करने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पहला एंगल: पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या विनीता की हत्या स्कूल के कमरे में की गई और इसके बाद मुकेश ने बचने के लिए भागने की कोशिश की। उनके शव का विनीता से करीब 150 मीटर दूर मिलना इस दिशा में जांच का आधार है। स्कूल परिसर के पीछे से खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली है।

दूसरा एंगल: दोनों पतिपत्नी चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। मुकेश शिक्षक संघ का चुनाव लड़ रहे थे, जबकि विनीता पहले जिला पंचायत चुनाव लड़ चुकी थीं। पुलिस चुनावी रंजिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

तीसरा एंगल: गांव में जमीन को लेकर विवाद की चर्चा भी सामने आई है। पुलिस जमीनी रंजिश के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह पतिपत्नी के शव मिलने की सूचना मिली थी। फील्ड यूनिट की टीम मौके पर मौजूद है। कई पुलिस टीमें गठित कर घटना की जांच की जा रही है और परिजनों से भी संपर्क किया गया है। एसपी ने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही है।

ः

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply