
गोसाईगंज, सुलतानपुर। थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव में मंगलवार को 42 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीमा जायसवाल पत्नी बैजनाथ जायसवाल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ खरगपुर और जसापारा में रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सीमा की तबीयत सोमवार शाम से खराब थी। मंगलवार को घर के भीतर उनका शव मिलने की जानकारी पर आसपास के लोग जुट गए। मृतका की 14 वर्षीय बेटी लक्ष्मी ने बताया कि उनकी मां की तबीयत शाम से ही खराब चल रही थी। सीमा के पांच बच्चे हैं। इनमें लक्ष्मी , शिवानी , रूबी , शिवा और एक वर्षीय नंदिनी शामिल हैं। मां की मौत से बच्चों का रोरोकर बुरा हाल है।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और गोसाईगंज थाना प्रभारी अखंड देव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ः



