
सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा चौराहे पर स्थित कंपोजिट शराब ठेके पर सोमवार देर रात बीयर के रुपये लौटाने के दौरान सेल्समैन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान नानेमऊ निवासी अकिंत मिश्रा और अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र के पचगवा निवासी धीरेन्द्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी शिवम जायसवाल बरौंसा स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। उसकी तहरीर के अनुसार देर रात थार सवार दो युवक बीयर खरीदने पहुंचे थे। दोनों ने बीयर की कीमत ऑनलाइन भुगतान किया।
शिवम जब शेष रुपये लौटाने के लिए मुड़ा, तभी दोनों ने कथित तौर पर नशे की हालत में गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद अवैध असलहे से फायरिंग की गई। गोली शिवम के पुट्ठे में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घायल सेल्समैन को सीएचसी जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पतुरियो मोड़ स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में .32 बोर की पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद हुआ। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
लंबा है आपराधिक इतिहास
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार अकिंत मिश्रा के खिलाफ मोतिगरपुर, कोतवाली नगर, कोतवाली देहात और गोसाईंगंज थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। धीरेन्द्र यादव के खिलाफ भी मारपीट, एससीएसटी एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक गुलाब चंद्र पाल, नफीसउद्दीन खां, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक प्रताप सिंह और देवेंद्र कुमार शामिल रहे।



