TrendingUttar Pradesh

​Sultanpur News: सुबह स्कूल गई 9 साल की माहिरा, दोपहर में अस्पताल में मिली मृत; दो लोगों पर बच्ची को छोड़कर जाने का आरोप

​Sultanpur News: सुबह स्कूल गई 9 साल की माहिरा, दोपहर में अस्पताल में मिली मृत; दो लोगों पर बच्ची को छोड़कर जाने का आरोप

सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे कक्षा एक की नौ वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्कूल से तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बच्ची इमरजेंसी वार्ड में मृत मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि दो लोग बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे और उसे बेड पर लिटाने के बाद वहां से चले गए। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

सुबह स्वस्थ थी माहिरा, बस से गई थी स्कूल

कोतवाली देहात क्षेत्र के नेकराही गांव निवासी अकबर अली की बेटी माहिरा कक्षा एक की छात्रा थी। उसके पिता विदेश में नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह माहिरा पूरी तरह स्वस्थ थी और रोज की तरह बस से स्कूल गई थी। दोपहर में स्कूल की ओर से परिजनों को फोन कर बच्ची की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। परिजन स्कूल पहुंचने के लिए निकले ही थे कि उन्हें दोबारा बताया गया कि माहिरा को अस्पताल ले जाया गया है।

इमरजेंसी में मृत मिली बच्ची

परिजन अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे तो माहिरा बेड पर मृत पड़ी थी। बच्ची के दादा मोहम्मद अली के मुताबिक अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि दो लोग माहिरा को लेकर आए थे। उसे बेड पर लिटाने के बाद दोनों वहां से चले गए। परिजनों का दावा है कि अस्पताल के रिकॉर्ड में भी बच्ची को लेकर आने वाले लोगों के नाम दर्ज नहीं बताए गए। इसको लेकर परिवार ने कई सवाल उठाए हैं।

स्कूल प्रबंधन पर भी उठाए सवाल

परिजनों का आरोप है कि माहिरा सुबह बिल्कुल स्वस्थ थी और उसे किसी तरह की बीमारी नहीं थी। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति अस्पताल नहीं पहुंचा। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटना की सूचना मिलने पर पुलिसप्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply