
विंदेश्वरीगंज/सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर बल्दीराय थाना क्षेत्र के हलियापुरबेलवाई संपर्क मार्ग पर लकेहटा पुल के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डंपर की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस के पहुंचने में हुई देरी के कारण घायल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
रमाशंकर की फाइल फोटो
दो भाइयों में बड़ा था रमाशंकर, परिवार में पत्नी और बेटी
मृतक की पहचान पुलिस ने उसके पास मौजूद आईडी कार्ड के आधार पर इनयतनगर थाना क्षेत्र के पूरे पाठक, मजरे निमड़ी निवासी रमाशंकर पुत्र माता प्रसाद, के रूप में की। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रमाशंकर दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी उमा और एक बेटी है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा है।
थाना प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन का पीछा किया गया जिसके डर से चालक देहली पेट्रोल पंप के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया चालक की तलाश की जा रही है। मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद जुटी भीड़ ने एंबुलेंस की कार्यप्रणाली पर उटाए सवाल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि एंबुलेंस समय से पहुंच जाती और घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। काफी देर तक एंबुलेंस न पहुंचने को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
घटना ने ग्रामीण इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान तत्काल चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क हादसे में शुरुआती कुछ मिनट घायल के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में एंबुलेंस की देरी कई बार जिंदगी और मौत के बीच का अंतर बन जाती है।
मौके पर पहुंचीं बबिता तिवारी, खुद कई बार मिलाया एंबुलेंस का नंबर
घटना के दौरान क्षेत्र भ्रमण पर निकलीं समाजसेविका एवं भाजपा नेत्री बबिता तिवारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वयं कई बार एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस के समय से न पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए। बबिता तिवारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है।
घटनास्थल पर एम्बुलेंस को फोन करती भाजपा नेत्री बबिता तिवारी।
उन्होंने मांग की कि दुर्घटना वाले क्षेत्रों के लिए कम से कम एक एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके और उसकी जान बचाई जा सके। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने सुलतानपुर जिलाधिकारी से भी बात की है। साथ ही कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह इस मुद्दे को स्वास्थ्य मंत्री तक लेकर जाएंगी, ताकि सड़क हादसों के दौरान एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।



