
सुलतानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। आईपीएस अधिकारी विनीत जायसवाल ने शनिवार देर शाम सुलतानपुर के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानूनव्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लीं।
चारु निगम का लखनऊ तबादला
गौरतलब है कि सुलतानपुर की पुलिस अधीक्षक चारु निगम का तबादला कर उन्हें लखनऊ में यूपी112 का एसपी बनाया गया है। चारु निगम ने पांच फरवरी 2026 को सुलतानपुर की कमान संभाली थी। जिले में करीब छह महीने के कार्यकाल के दौरान उनकी कार्यशैली को लेकर कई मामले चर्चा में रहे।
गोंडा में लंबे कार्यकाल के बाद मिली नई जिम्मेदारी
सुलतानपुर के नए एसपी विनीत जायसवाल 2014 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले विनीत जायसवाल इससे पहले शामली के पहले पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हाथरस, नोएडा और गोंडा में भी सेवाएं दी हैं। दिसंबर 2023 से वह लगातार गोंडा के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। गोंडा में लंबे कार्यकाल के दौरान कानूनव्यवस्था और पुलिसिंग के क्षेत्र में हासिल अनुभव को सुलतानपुर के लिए अहम माना जा रहा है।
अपराध नियंत्रण और कानूनव्यवस्था पर रहेगी नजर
कार्यभार संभालने के बाद नए एसपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों से मौजूदा कानूनव्यवस्था और अपराध की स्थिति की जानकारी ली। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वह जिले की पुलिसिंग व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा पर विशेष जोर दे सकते हैं।


