
हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश: 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के अचानक लापता होने से परिवार और पुलिस की चिंता बढ़ गई है। छात्रा अपने माता-पिता के साथ किराए के कमरे में रहती थी। उसके कमरे में बिस्तर के पास एक पत्र मिला है, जिसमें उसने माता-पिता को अपनी कामयाबी और उनके बेहतर भविष्य के लिए नौकरी करने जाने की बात लिखी है। पत्र में 30 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी मिलने का भी जिक्र है।
मामले की शुरुआत गुरुवार सुबह हुई, जब माता-पिता की किसी बात पर डांट से नाराज होकर छात्रा सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। वहां उसने अपने ही माता-पिता के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए माता-पिता को थाने बुलाया। दोपहर तक दोनों पक्षों को समझाने और काउंसलिंग करने के बाद छात्रा अपनी मां के साथ घर लौटने के लिए तैयार हो गई।
थाने से निकलने के बाद छात्रा के पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए, जबकि वह मां के साथ बस अड्डे तक पहुंची। इसी दौरान छात्रा ने मां से कुछ कहकर उन्हें उलझाया और अचानक वहां से गायब हो गई। मां को लगा कि बेटी शायद अपने कमरे पर लौट गई होगी, लेकिन शाम को घर पहुंचने पर वह वहां नहीं मिली।
कमरे में बिस्तर के पास छात्रा का लिखा पत्र मिला। उसमें उसने माता-पिता को संबोधित करते हुए लिखा था कि वह उनकी और अपनी जिंदगी बेहतर बनाने के लिए कमाने जा रही है। उसने 30 हजार रुपये वेतन वाली कंपनी में नौकरी मिलने का दावा भी किया और कामयाब होने के बाद खुद लौटने की बात कही। पत्र में उसे तलाश नहीं करने की अपील भी की गई थी।
30 हजार रुपये की नौकरी के ऑफर ने बढ़ाई पुलिस की चिंता
नाबालिग छात्रा को अचानक इतनी तनख्वाह वाली नौकरी मिलने की बात ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां इस आशंका को भी ध्यान में रख रही हैं कि कहीं किसी ने उसे बहला-फुसलाकर घर से जाने के लिए तो नहीं उकसाया।
छात्रा का मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी कॉल डिटेल और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में सोशल मीडिया के जरिए छात्रा के संपर्क में रहने वाले एक युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही हैं।
एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि मामले में नियमानुसार केस दर्ज कर जांच की जा रही है। एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है और छात्रा को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास जारी हैं।



