गुरुग्राम : साइबर सिटी का बेहद सुरक्षित माना जाने वाला सुशांत लोक इलाका गुरुवार रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल के गुर्गों ने एक मशहूर कारोबारी के घर पर खौफ फैलाने के लिए धावा बोल दिया। लेकिन इससे पहले कि बदमाश अपने नापाक मंसूबों में पूरी तरह कामयाब हो पाते, पुलिस की क्राइम ब्रांच टीमों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख शूटर्स ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को मौत की नींद सुला दिया, जबकि एक अन्य शूटर गंभीर रूप से घायल है। इस खूनी संघर्ष में बदमाशों का डटकर मुकाबला करते हुए तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से जख्मी हुए हैं।

बंधक बने परिवार के सामने बरस रही थीं गोलियां
पुलिस कंट्रोल रूम को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि सुशांत लोक फेज2 में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो कार घूम रही है, जिसमें भारी हथियारों से लैस अपराधी सवार हैं। सूचना मिलते ही हरकत में आई क्राइम ब्रांच की कई टीमें जब मौके पर पहुंचीं, तो वहां का नजारा खौफनाक था। स्कॉर्पियो सवार शूटर एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी के घर पर अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे। घर के अंदर मौजूद डरासहमा बेरी परिवार बंधक जैसी स्थिति में फंस गया था।
सरेंडर की चेतावनी पर पुलिस पर ही किया हमला
विशाल बेरी को पिछले कुछ दिनों से विदेश में छिपा इनामी गैंगस्टर दीपक नांदल रंगदारी के लिए लगातार धमकियां दे रहा था। फिरौती की रकम नहीं मिलने पर ही उसने दहशत पैदा करने के लिए इन शूटर्स को भेजा था। क्राइम ब्रांच ने जब फुर्ती दिखाते हुए इन अपराधियों को घेरकर सरेंडर करने की चेतावनी दी, तो बदमाशों ने हथियार डालने के बजाय पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी और वहां से भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा और अपराधियों को दबोचने के लिए जवाबी फायरिंग की।
अस्पताल में हुई चार हमलावरों की मौत
दोनों तरफ से हुई इस सीधी मुठभेड़ में पुलिस की गोलियां लगने से पांचों शूटर वहीं गिर पड़े। पुलिस ने तुरंत सभी घायल अपराधियों को पास के ही एक निजी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने चार बदमाशों को मृत घोषित कर दिया। पांचवें शूटर की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। बदमाशों की गोलियों का शिकार हुए तीन जांबाज पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
साजिश का पर्दाफाश और साक्ष्यों की जांच
शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि इस वारदात का मास्टरमाइंड गैंगस्टर दीपक नांदल ही है। उसने दहशत फैलाने के लिए किराये की स्कॉर्पियो कार का इस्तेमाल किया था, जिसकी नंबर प्लेट को काले पेंट से आधा छिपा दिया गया था। यह गैंगस्टर इससे पहले भी मशहूर सिंगर फाजिलपुरिया सहित कई नामचीन लोगों से रंगदारी मांग चुका है और पुलिस पहले भी इसके गुर्गों को पकड़ चुकी है। घटना के तुरंत बाद डीसीपी और डीसीपी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और सीनऑफक्राइम टीमों ने घटनास्थल से खाली कारतूस, बदमाशों के हथियार और गाड़ी की जांच कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। एहतियात के तौर पर पीड़ित कारोबारी को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी गई है।



